भारत और यूरोपीय संघ ने आवागमन एवं प्रवासन पर चर्चा की
भारत और यूरोपीय संघ ने आवागमन एवं प्रवासन पर चर्चा की
संयुक्त राष्ट्र, सात मई (भाषा) भारत ने यूरोपीय संघ के साथ आवागमन और प्रवासन के मुद्दों पर बातचीत की है, जिसमें इस वर्ष की शुरुआत में हस्ताक्षरित ढांचे के तहत सहयोग भी शामिल है।
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने बुधवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 4 से 8 मई तक आयोजित किए जा रहे दूसरे अंतरराष्ट्रीय प्रवासन समीक्षा मंच (आईएमआरएफ) के दौरान यूरोपीय संघ के आंतरिक मामलों और प्रवासन आयुक्त मैग्नस ब्रूनर से मुलाकात की।
सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारी चर्चाओं में आवागमन और प्रवासन संबंधी मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया गया। हमने आवागमन में सहयोग पर भारत-ईयू व्यापक ढाँचे की कई बैठकों और हाल ही में आईसीटी क्षेत्र में शुरू किए गए ‘लीगल गेटवे ऑफिस’ की समीक्षा भी की।’’
जनवरी 2026 में हस्ताक्षरित भारत-ईयू आवागमन समझौते का उद्देश्य भारतीय पेशेवरों, शोधकर्ताओं और छात्रों के लिए कानूनी प्रवासन को आसान एवं सुरक्षित बनाना है, जबकि फरवरी में नयी दिल्ली में शुरू किया गया यूरोपीय ‘लीगल गेटवे ऑफिस’ यूरोपीय संघ के 27 सदस्य देशों में अवसरों के लिए एक ‘वन-स्टॉप’ सेंटर के रूप में कार्य करता है।
सिंह ने नीदरलैंड के उपप्रधानमंत्री बार्ट वैन डेन ब्रिंक से भी मुलाकात की और ‘‘पारस्परिक हित के मुद्दों पर सहयोग पर चर्चा की।’’
रविवार को न्यूयॉर्क पहुंचे सिंह अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को वह प्रवासन प्रबंधन में भारत के डिजिटल नवाचारों पर प्रकाश डालने वाले एक विशेष कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
भाषा
नेत्रपाल नरेश
नरेश

Facebook


