लंदन, नौ जून (भाषा) भारतीय मूल के एक दंपति और उनके गंभीर रूप से बीमार नौ वर्षीय बेटे की लंदन की एक आलीशान आवासीय इमारत से गिरकर मौत हो गई। मीडिया की खबरों में यह जानकारी मिली।
खबरों के अनुसार, पुलिस इस घटना को संदिग्ध हत्या-आत्महत्या के रूप में देख रही है।
समाचार पत्र ‘द टेलीग्राफ’ की खबर के अनुसार, राकेश पई (47), अदिति परलकर (46) और उनके बेटे सिड की 27 मई को दक्षिण लंदन के एलीफेंट एंड कैसल इलाके में स्थित हाईपॉइंट टॉवर ब्लॉक में उनके अपार्टमेंट की 36वीं मंजिल की बालकनी से गिरने के बाद मौत हो गई।
‘संडे गार्जियन’ के अनुसार, यह परिवार 45 मंजिला इमारत की 36वीं मंजिल पर रहता था, जो जमीन से लगभग 400 फुट की ऊंचाई पर स्थित है।
बर्मंडसी और ओल्ड साउथवार्क से लेबर पार्टी के सांसद नील कोइल ने कहा कि सिड को जन्म से ही गंभीर बीमारियां थीं। पुलिस को आशंका है कि इतने बड़े फैसले की एक वजह सिड की बीमारियां भी हो सकती हैं।
आपातकालीन सेवाओं को उस समय सूचना मिली जब प्रत्यक्षदर्शियों ने सुबह 7.29 बजे कुछ लोगों के ऊंचाई से गिरने की खबर दी।
मौके पर पहुंचे चिकित्साकर्मियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तीनों को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया।
कोइल ने इमारत के निवासियों को लिखे एक पत्र में इस घटना को ‘‘भयानक त्रासदी’’ बताया। उन्होंने कहा कि माना जाता है कि सिड गुर्दे की बीमारी से पीड़ित था।
उन्होंने कहा, ‘‘यह बेहद दुखद घटना है। कुछ स्थानीय लोगों ने इस घटना को अपनी आंखों से देखा। बताया गया है कि बच्चा ब्रिटेन में गंभीर बीमारियों के साथ पैदा हुआ था।’’
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में जन्मे पई और परलकर क्रमशः वित्त और निर्माण क्षेत्र में सलाहकार के रूप में कार्यरत थे।
बताया गया है कि दंपति ने वर्ष 2020 में अपने बेटे का इलाज कराने के लिए भारत का रुख किया था लेकिन उसकी स्थिति में सुधार नहीं होने पर वे पिछले वर्ष ब्रिटेन लौट गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों की जांच जारी है और विस्तृत जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि वास्तव में क्या हुआ था।
भाषा राखी मनीषा
मनीषा