कतर में ‘फ्रीज’ की गई छह अरब डॉलर की संपत्ति से रोक हटेगी: ईरान के राष्ट्रपति
कतर में ‘फ्रीज’ की गई छह अरब डॉलर की संपत्ति से रोक हटेगी: ईरान के राष्ट्रपति
दुबई, 29 जून (एपी) ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने सोमवार को कहा कि ईरान की छह अरब डॉलर की ‘फ्रीज’ की गयी संपत्ति को वापस करने पर लगी रोक कतर हटाएगा।
पेजेश्कियान का यह बयान ऐसे समय आया है जब इस सप्ताहांत फारस की खाड़ी में हुए हमलों के कारण अमेरिका के साथ बातचीत में चुनौतियां पैदा हो गई हैं। किसी संपत्ति को ‘फ्रीज’ करने का अर्थ है कि उसका स्वामित्व रखने वाला व्यक्ति भी रोक के तहत इस संपत्ति का उपयोग नहीं कर सकता।
मसूद पेजेश्कियान का उन संसाधन का जिक्र करना, ईरानी जनता को अंतरिम समझौते के लिए मनाने की कोशिश जैसा लगता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान की पकड़ को चुनौती दी जा रही है; ओमान के समुद्री इलाके को फारस की खाड़ी से आने-जाने वाले यातायात के लिए खोलने की कोशिशें हो रही हैं।
पाकिस्तान के साथ बातचीत में अहम मध्यस्थ कतर के पास रोकी गई धनराशि से पाबंदी हटाने का जिक्र करने वाले ईरान के सबसे वरिष्ठ अधिकारी पेजेश्कियान हैं। अब तक, अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि ईरान की ‘फ्रीज’ की गयी किसी भी संपत्ति से रोक हटाई नहीं गयी है।
ईरान के हमलों और धमकियों की वजह से इस जलडमरूमध्य से मालवाहक जहाजों और टैंकरों की आवाजाही रुक गई। सामान्य समय में दुनिया भर में व्यापार होने वाले तेल और प्राकृतिक गैस का लगभग पांचवां हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता था, जिससे वैश्विक ऊर्जा संकट पैदा हो गया।
भले ही यह जलडमरूमध्य ईरान और ओमान के समुद्री क्षेत्र में स्थित है, फिर भी इसे लंबे समय से एक अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग माना जाता रहा है। हाल के दिनों में, ईरान ने ओमान की तरफ वाले रास्ते से गुज़रने वाले जहाजों पर दो बार हमले किए हैं। इसके जवाब में अमेरिका ने हवाई हमले किए हैं और ऐसी चिंताएं भी पैदा हो गई हैं कि युद्ध को औपचारिक रूप से खत्म करने के लिए चल रही बातचीत में रुकावट आ सकती है।
ईरान ने रविवार को बहरीन और कुवैत को निशाना बनाते हुए ड्रोन और मिसाइल हमले किए।
एक अहम मध्यस्थ के तौर पर पाकिस्तान ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच उनके अंतरिम समझौते की शर्तों पर मंगलवार को बातचीत फिर से शुरू होगी।
ट्रंप प्रशासन ने रविवार को कहा कि कुछ भी रद्द नहीं किया गया है और आने वाले दिनों के लिए तकनीकी बातचीत सही रास्ते पर चल रही है। ईरान ने अभी तक यह नहीं बताया है कि वह इसमें हिस्सा लेगा या नहीं।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ द्वारा सोमवार को प्रकाशित बयानों में पेजेश्कियान ने अंतरिम समझौते की तारीफ करते हुए इसे “ईरानी लोगों के लिए एक बड़ी जीत” बताया।
उन्होंने कहा, “बनाई गई योजनाओं के आधार पर, कतर में मौजूद ईरान के कुल 12 अरब डॉलर के संसाधनों में से छह अरब डॉलर जारी करके देश को वापस लौटाए जाएंगे और इसके लिए ज़रूरी कार्रवाई की जा रही है।”
ईरान के धार्मिक शासन-तंत्र में सुधारवादी माने जाने वाले पेजेश्कियान, ईरान के ऐसे सबसे वरिष्ठ अधिकारी हैं जिन्होंने कतर के पास रोके गए फंड को जारी करने का जिक्र किया है; कतर, बातचीत में पाकिस्तान के साथ एक अहम मध्यस्थ रहा है।
ईरान के खिलाफ अमेरिका के नए हवाई हमलों के बाद, इस्लामी गणराज्य ने रविवार को बहरीन और कुवैत को निशाना बनाते हुए ड्रोन और मिसाइल हमले किए। साथ ही, ईरान ने धमकी दी कि अगर वॉशिंगटन ने हमले जारी रखे, तो युद्ध खत्म करने के लिए चल रही बातचीत को “पूरी तरह से रोक” दिया जाएगा।
अब तक, अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि ईरान की कोई भी ‘फ्रीज’ की गई संपत्ति जारी नहीं की गई है। कतर ने भी ऐसे किसी भी कदम की पुष्टि नहीं की है।
भाषा प्रशांत संतोष
संतोष

Facebook


