इराक में कुर्द राजनेता निजार अमीदी राष्ट्रपति चुने गए

इराक में कुर्द राजनेता निजार अमीदी राष्ट्रपति चुने गए

इराक में कुर्द राजनेता निजार अमीदी राष्ट्रपति चुने गए
Modified Date: April 11, 2026 / 09:59 pm IST
Published Date: April 11, 2026 9:59 pm IST

बगदाद, 11 अप्रैल (एपी) इराक की संसद ने शनिवार को देश की दो प्रमुख कुर्द पार्टियों में से एक के राजनीतिक अधिकारी निजार अमीदी को राष्ट्रपति के रूप में चुना।

यह चुनाव पांच महीने पहले हुए संसदीय चुनाव के बाद हुआ है, जिसमें किसी भी पार्टी को निर्णायक बहुमत नहीं मिला था।

उनका चुनाव ऐसे समय में हुआ है जब इराक अमेरिका-इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए युद्ध के दुष्परिणामों से जूझ रहा है।

इराक भी इस संघर्ष में फंसा है जहां ईरान समर्थित लड़ाकों ने अमेरिकी ठिकानों और राजनयिक सुविधाओं के साथ-साथ महत्वपूर्ण ऊर्जा अवसंरचनाओं पर हमले किए।

वहीं, अमेरिका और इजराइल ने ईरान समर्थित लड़ाकों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए, जिनमें से कुछ में इराकी सेना के जवान मारे गए।

युद्ध और ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने से तेल निर्यात काफी हद तक रुक गया है जिसपर इराक की अर्थव्यवस्था निर्भर है।

कुर्दिस्तान पैट्रियाटिक यूनियन पार्टी के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य अमीदी ने दिग्गज उम्मीदवारों को हराया जिनमें इराक के वर्तमान विदेश मंत्री फुआद हुसैन भी शामिल थे।

हुसैन को प्रतिद्वंद्वी कुर्दिस्तान डेमोक्रेटिक पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया था।

परंपरा के अनुसार, इराक का राष्ट्रपति हमेशा कुर्द होता है, जबकि अधिक शक्तिशाली प्रधानमंत्री शिया और संसदीय अध्यक्ष सुन्नी होते हैं।

राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान संवैधानिक रूप से तय समय सीमा से दो महीने से अधिक समय बाद हुआ, जिसके अनुसार नवनिर्वाचित संसद के पहले सत्र के 30 दिनों के भीतर राष्ट्रपति का चुनाव होना अनिवार्य है।

उत्तरी इराक के दोहुक प्रांत में जन्मे और पेशे से इंजीनियर अमीदी ने इससे पहले दो अन्य राष्ट्रपतियों, जलाल तालाबानी और फौआद मासूम के सहायक के रूप में कार्य किया था।

शनिवार को हुए पहले दौर के मतदान में किसी भी उम्मीदवार को आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिला, लेकिन अमीदी अन्य 15 उम्मीदवारों से काफी आगे थे और उन्हें पहले दौर में 208 वोट मिले। दूसरे उम्मीदवार (कुर्दिस्तान इस्लामिक यूनियन ब्लॉक के सांसद मुथन्ना अमीन नादेर) को 17 वोट मिले।

इसके बाद संसद ने दूसरे दौर का मतदान शुरू किया, जहां साधारण बहुमत से विजेता का निर्धारण होता है। दूसरे दौर में अमीदी को 227 वोट मिले, जबकि नादेर को 15 वोट प्राप्त हुए।

एपी

संतोष माधव

माधव


लेखक के बारे में