एंजिल्स (फिलीपीन), 24 मई (एपी) फिलीपीन की राजधानी मनीला के उत्तर में स्थित एक शहर में निर्माणाधीन नौ मंजिला इमारत के रविवार तड़के ढह जाने के बाद से कम से कम 21 लोग लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस और अन्य अधिकारियों ने बताया कि बचावकर्मियों को मलबे से ‘‘आवाजें’’ सुनाई दे रही हैं, जबकि 24 श्रमिक सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे या उन्हें बचा लिया गया।
पम्पांगा प्रांत के एंजिल्स शहर में तेज आंधी-तूफान के बाद यह इमारत ढह गई।
पुलिस ब्रिगेडियर जनरल जेस मेंडेज ने बताया कि मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए पुलिस और अन्य सरकारी विभागों के 100 से अधिक कर्मी बचाव अभियान में जुटे हैं।
मेंडेज और घटनास्थल पर मौजूद अन्य अधिकारियों ने बताया कि किसी की मौत की फिलहाल कोई सूचना नहीं है, लेकिन सुरक्षित निकले कुछ लोग घायल हैं।
एंजिल्स शहर के आपदा न्यूनीकरण कार्यालय के प्रमुख फ्रांसिस पैंगिलिनन के अनुसार, ऐसा माना जा रहा है जिन 21 लोगों का अब तक पता नहीं चल पाया है, उनमें से अधिकतर इमारत में काम करने वाले श्रमिक हैं।
अधिकारियों ने बताया कि एक मलेशियाई पर्यटक सहित दो अन्य लोग उस समय घायल हो गए, जब ढही इमारत का मलबा उनके ठहरने की जगह पर जा गिरा।
लोक निर्माण सचिव विंजोन डिजोन ने संवाददाताओं से कहा कि दमकलकर्मी, पुलिस और आपदा मोचन दलों सहित बचावकर्मी फंसे लोगों को स्वयं और खोजी कुत्तों की मदद से बेहद खतरनाक परिस्थितियों में खोज रहे हैं।
डिजोन ने कहा, ‘‘लोगों के जीवित होने के कुछ संकेत मिल रहे हैं… कुछ आवाजें सुनाई दे रही हैं।’’ उन्होंने कहा कि बचावकर्मी अत्यधिक सावधानी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह स्थल अत्यंत अस्थिर है और लोगों को बाहर निकालना प्राथमिकता है।’’
एपी
सिम्मी सुरेश
सुरेश