एंजिल्स (फिलीपीन), 24 मई (एपी) फिलीपीन की राजधानी मनीला के उत्तर में स्थित एक शहर में निर्माणाधीन नौ मंजिला इमारत के रविवार तड़के ढह जाने से एक मलेशियाई पर्यटक की मौत हो गई, जबकि कम से कम 21 लोग मलबे में फंसे बताए जा रहे हैं, जिनमें अधिकतर श्रमिक शामिल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि दो लोगों को जीवित पाया गया, लेकिन उन्हें तुरंत बाहर नहीं निकाला जा सका। उन्होंने बताया कि कम से कम 24 मजदूर या तो इमारत से भागने में कामयाब रहे, जहां वे ज्यादातर भूतल पर सोते थे, या इमारत के ढह जाने के बाद उन्हें बचा लिया गया।
यह घटना अमेरिकी वायुसेना के पूर्व हवाई अड्डे के बाहर स्थित किफायती होटल, कैफे, स्पा और ग्रामीण मकानों से भरे एक घनी आबादी वाले इलाके में तड़के लगभग 2:30 बजे हुई।
अग्निशमन विभाग की अधीक्षक मारिया लीया सजिली ने बताया कि पम्पांगा प्रांत स्थित एंजिल्स सिटी में ढही इमारत के मलबे से आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए एक ‘अतिथि भवन’ में एक मलेशियाई पर्यटक की मौत हो गई और एक अन्य अतिथि घायल हो गया।
टेलीविजन चैनल पर प्रसारित दृश्यों में कंक्रीट की स्लैब, मुड़ी हुई लोहे की छड़ सहित अन्य मलबे के नीचे फंसे लोगों के रिश्तेदार प्रार्थना करते और रोते दिखे। परिजनों को लगभग 700 बचावकर्ताओं के संदेश का इंतजार है, जो मलबे को सावधानीपूर्वक हटाकर लोगों को बचाने के लिए ढही हुई इमारत में सुरक्षित रूप से प्रवेश करने की जगह बना रहे हैं।
समाचार एजेंसी ‘एपी’ से 18 वर्षीय छात्रा जोमेल अंगकाओ ने कहा, ‘‘यह हमारे जीवन का सबसे बुरा दिन है।’’ जोमेल और उसके भाई-बहन अपने माता-पिता के बारे में खबर का इंतजार कर रहे हैं, जो फंसे हुए लोगों में शामिल हैं।
जोमेल के माता-पिता इमारत के बगल में खाने-पीने की चीजों और कॉफी का ठेला लगाते थे। जोमेल ने आंखों में आंसू के साथ कहा कि उसके माता-पिता ने गरीबी से संघर्ष करते हुए उसे और उसके भाई-बहन को स्कूल भेजा था।
एंजिल्स सिटी में तेज आंधी-तूफान के बाद यह इमारत ढह गई।
क्षेत्रीय पुलिस निदेशक ब्रिगेडियर जनरल जेस मेंडेज ने कहा कि बचाव कार्य में लगभग 200 पुलिस अधिकारी मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा, ‘‘जब तक सभी लापता लोगों का पता नहीं लगा लिया जाता।’’
एपी संतोष पारुल
पारुल