गुरु अर्जन देव की पुण्यतिथि के कार्यक्रमों में शामिल होने 700 से अधिक भारतीय सिख पाकिस्तान जाएंगे

Ads

गुरु अर्जन देव की पुण्यतिथि के कार्यक्रमों में शामिल होने 700 से अधिक भारतीय सिख पाकिस्तान जाएंगे

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 09:50 PM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 09:50 PM IST

(एम जुल्करनैन)

लाहौर, नौ जून (भाषा) सिखों के पांचवें गुरु अर्जन देव की पुण्यतिथि से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए 700 से अधिक भारतीय सिख तीर्थयात्रियों के बुधवार को पाकिस्तान के लाहौर पहुंचने की संभावना है।

पाकिस्तान के ‘इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड’ (ईटीपीबी) के प्रवक्ता गुलाम मोहायुद्दीन ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘नयी दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग ने गुरु अर्जन देव जी की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए भारतीय सिख तीर्थयात्रियों को 700 से अधिक वीजा जारी किए हैं। ’’

उन्होंने बताया कि गुरु अर्जन देव जी की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में वार्षिक श्रद्धांजलि समारोह 10 से 19 जून तक लाहौर में आयोजित किए जाएंगे।

प्रवक्ता ने कहा कि इस महीने के अंत में महाराजा रणजीत सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए भी लगभग 500 सिख तीर्थयात्रियों के भारत से पाकिस्तान आने की संभावना है।

गुरु अर्जन देव की पुण्यतिथि का मुख्य समारोह 16 जून को लाहौर स्थित गुरुद्वारा डेरा साहिब में आयोजित किया जाएगा।

इस बीच, ईटीपीबी के अधिकारियों ने बुधवार को भारत से आने वाले सिख तीर्थयात्रियों के स्वागत और सुविधा के लिए वाघा सीमा पर की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

बैठक में वाघा सीमा पर निर्बाध बिजली आपूर्ति, बैकअप जनरेटर की उपलब्धता, विशेष स्वच्छता व्यवस्था और सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में बताया गया कि संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) तीर्थयात्रियों की आव्रजन प्रक्रिया को तेज और सुचारू बनाने के लिए 20 इमिग्रेशन काउंटर स्थापित करेगी।

ईटीपीबी के अतिरिक्त सचिव नासिर मुश्ताक ने कहा कि सिख तीर्थयात्रियों को सर्वोत्तम सुविधाएं प्रदान करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा रवि कांत रवि कांत संतोष

संतोष