टाइम्स स्क्वायर के होर्डिंग पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की तस्वीरें प्रदर्शित की गईं

टाइम्स स्क्वायर के होर्डिंग पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की तस्वीरें प्रदर्शित की गईं

टाइम्स स्क्वायर के होर्डिंग पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की तस्वीरें प्रदर्शित की गईं
Modified Date: August 29, 2026 / 08:37 pm IST
Published Date: August 29, 2026 8:37 pm IST

(फोटो के साथ)

न्यूयार्क, 29 अगस्त (भाषा) अमेरिका के न्यूयार्क में मैडिसन स्क्वायर गार्डन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के प्रवासी भारतीयों को संबोधित करने से पहले, टाइम्स स्क्वायर के बीचों-बीच लगे होर्डिंग पर उनकी तस्वीरें प्रदर्शित की गईं।

भागवत आरएसएस के शताब्दी वर्ष के वैश्विक जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत मंगलवार को अमेरिका पहुंचे थे।

अमेरिका में, वह शनिवार को प्रसिद्ध मैडिसन स्क्वायर गार्डन में लगभग 5,000 लोगों की सभा को संबोधित करेंगे।

‘यूनिवर्सल वननेस सेलिब्रेशन’ नामक इस कार्यक्रम का आयोजन ‘अमेरिकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग’ (एएचईएडी) द्वारा किया जा रहा है।

संगठन ने इस कार्यक्रम को ‘‘ऐतिहासिक रक्षाबंधन समारोह’’ के रूप में बताया है।

आयोजकों ने कहा कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मुख्य वक्ताओं के संबोधनों के माध्यम से इस कार्यक्रम में सार्वभौमिक एकता के विषय और हिंदू दर्शन ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’-अर्थात पूरी दुनिया एक परिवार है- पर विचार किया जायेगा।

इस कार्यक्रम से पहले, शुक्रवार शाम को टाइम्स स्क्वायर के मुख्य होर्डिंग में से एक पर भागवत की तस्वीरें “संकल्प, सद्भाव और संवाद” शीर्षक के साथ प्रदर्शित की गईं।

भागवत की तस्वीरें होर्डिंग पर प्रदर्शित होने के दौरान, भारतीय-अमेरिकी समुदाय के कई सदस्यों ने टाइम्स स्क्वायर पर तस्वीरें खिंचवाईं।

मैडिसन स्क्वायर गार्डन में भागवत के प्रस्तावित कार्यक्रम की कई नागरिक अधिकार संगठनों ने आलोचना की है।

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा है कि वह मैडिसन स्क्वायर गार्डन में प्रस्तावित आरएसएस प्रमुख के कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते हैं।

ममदानी ने कहा कि इस “निजी” कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार-क्षेत्र शायद शहर के पास नहीं है।

अमेरिका में भागवत ने भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों, भारतीय-अमेरिकी कारोबारियों और सामुदायिक नेताओं के साथ बैठकें कीं।

आरएसएस प्रमुख ने न्यूयार्क स्थित भक्ति केंद्र का दौरा किया और भारतीय आध्यात्मिक गुरु श्रील ए. सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद को श्रद्धांजलि अर्पित की, जो ‘इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस’ (इस्कॉन) के संस्थापक थे।

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव


लेखक के बारे में