पीओके के गिलगित-बाल्टिस्तान में गठबंधन सरकार बनने के आसार

Ads

पीओके के गिलगित-बाल्टिस्तान में गठबंधन सरकार बनने के आसार

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 07:35 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 07:35 PM IST

इस्लामाबाद, आठ जून (भाषा) पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र में संपन्न ‘असेंबली चुनाव’ में कोई भी पार्टी बहुमत का आंकड़ा हासिल करने में नाकाम रही है, जिससे वहां गठबंधन सरकार बनने के आसार बढ़ गए हैं। स्थानीय मीडिया की खबरों में सोमवार को यह जानकारी दी गई।

‘जियो न्यूज’ की खबर में कहा गया है कि चुनाव में राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के नेतृत्व वाली पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) को नौ सीट और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) को छह सीट पर जीत हासिल हुई है, जबकि पांच सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे हैं।

‘द डॉन’ की खबर के मुताबिक, जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) दो सीट पर आगे है, जबकि उसकी सहयोगी मजलिस वहदत-ए-मुस्लिमीन को एक सीट पर बढ़त हासिल है।

गिलगित-बाल्टिस्तान की ‘असेंबली’ में कुल 33 सीट हैं, जिनमें से 24 पर प्रत्यक्ष चुनाव के जरिये सदस्य निर्वाचित किए जाते हैं, जबकि आठ सीट महिलाओं, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों और पेशेवरों के लिए आरक्षित हैं।

क्षेत्र में ‘असेंबली चुनाव’ के लिए मतदान रविवार को हुआ था।

भारत ने गिलगित-बाल्टिस्तान ‘असेंबली चुनाव’ को लेकर पाकिस्तान के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उसने दोहराया है कि गिलगित-बाल्टिस्तान भारत का अभिन्न हिस्सा है, जिस पर “अवैध रूप से” कब्जा कर लिया गया है।

भाषा पारुल धीरज

धीरज