पीओके में बर्बरता: ब्रिटेन में पाकिस्तानी वाणिज्य दूतावास के सामने विरोध प्रदर्शन
पीओके में बर्बरता: ब्रिटेन में पाकिस्तानी वाणिज्य दूतावास के सामने विरोध प्रदर्शन
(एच.एस. राव)
लंदन, नौ जून (भाषा) पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में अंतिम संस्कार के दौरान गमजदा लोगों पर की गई गोलीबारी में कम से कम 11 लोगों की मौत के विरोध में कश्मीरी प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार को ब्रिटेन के ब्रैडफोर्ड में स्थित पाकिस्तानी वाणिज्य दूतावास के सामने प्रदर्शन किया।
घटना ऐसे समय हुई जब कुछ दिन पहले लगभग 30 ब्रिटिश सांसदों ने पीओके में बड़े पैमाने पर मानवाधिकार उल्लंघनों का दावा करते हुए कूटनीतिक हस्तक्षेप की मांग की थी।
पीओके में यह बर्बरता उस समय हुई जब जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) द्वारा सस्ती दरों पर आटा और बिजली की मांग को लेकर प्रस्तावित विरोध रैली की तैयारी चल रही थी। अधिकारियों ने सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए शुक्रवार को जेएएसी पर प्रतिबंध लगा दिया था।
मंगलवार को प्रदर्शनकारी ब्रैडफोर्ड में पाकिस्तानी वाणिज्य दूतावास के बाहर एकत्र हुए और पाकिस्तान के अधिकारियों पर पीओके में प्रदर्शनों में शामिल लोगों के खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग करने का आरोप लगाया।
कई कश्मीरी प्रवासियों समेत आयोजकों ने दावा किया कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की गोलीबारी में खासकर रावलाकोट में कई लोग मारे गए और घायल हुए। रावलकोट में पांच जून से विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं।
जेएएसी सरकार से सस्ते आटे और बिजली की मांग समेत 38-सूत्री एजेंडा लागू कराने के लिए एक मार्च की योजना बना रही थी। पीओके में यह अशांति कथित रूप से बुनियादी अधिकारों, आर्थिक राहत, सस्ती बिजली और अधिकारियों से अधिक जवाबदेही की मांगों के कारण शुरू हुई थी।
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश

Facebook


