रूस का मिसाइल और ड्रोन से कीव पर हमला, 10 लोग घायल

Ads

रूस का मिसाइल और ड्रोन से कीव पर हमला, 10 लोग घायल

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 09:31 AM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 09:31 AM IST

कीव, 24 मई (एपी) रूस ने रविवार रात को यूक्रेन की राजधानी कीव पर मिसाइल और ड्रोन से भीषण हमला किया जिससे शहर के मध्य में स्थित सरकारी कार्यालय, आवासीय भवन और स्कूल के पास की इमारतें प्रभावित हुईं।

स्थानीय अधिकारियों ने प्रारंभिक आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि इसमें कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं। रात भर हवाई हमले के सायरन बजते रहे और हमलों से समूचे कीव में धुआं उठता दिखा। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) के पत्रकारों ने शहर के मध्य हिस्से में स्थित इमारतों और सरकारी भवनों के पास जोरदार धमाकों की आवाजें सुनीं।

रविवार सूर्योदय तक हमला जारी था तथा कीव पर और अधिक मिसाइल एवं ड्रोन से हमले की आशंका है।

कीव के सैन्य प्रशासन प्रमुख तिमूर तकाचेंको ने ‘टेलीग्राम’ पर एक पोस्ट में बताया कि राजधानी के कम से कम नौ जिलों में आवासीय भवनों सहित कई जगहों पर नुकसान हुआ है।

मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि कीव के शेवचेंको जिले में एक स्कूल की इमारत पर हमला हुआ जिसमें लोग शरण लिए हुए थे। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि कीव में सुपरमार्केट और गोदामों को भी नुकसान पहुंचा है।

क्षेत्रीय गवर्नर मायकोला कलाश्निक के अनुसार, कीव क्षेत्र में कई समुदायों को नुकसान पहुंचा है।

इससे पहले, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिका और पश्चिमी देशों के अपने सहयोगियों से मिली खुफिया जानकारी का हवाला देते हुए चेतावनी दी थी कि रूस हाइपरसोनिक ओरेश्निक बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल करने की योजना बना रहा है। बाद में यूक्रेन की वायुसेना ने भी ओरेश्निक मिसाइल दागे जाने की चेतावनी दी।

यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया कि रात भर हुए हमले में इस मिसाइल का इस्तेमाल किया गया था या नहीं।

रूस ने पहली बार नवंबर 2024 में यूक्रेन के निप्रो शहर पर ओरेश्निक मिसाइल का इस्तेमाल किया था। दूसरी बार इसका इस्तेमाल जनवरी में पश्चिमी लवीव क्षेत्र में किया गया था।

एपी सुरभि अमित

अमित