‘व्हाइट हाउस’ सुरक्षा जांच चौकी के पास गोलीबारी करने वाले हमलावर की मौत: अमेरिकी अधिकारी

‘व्हाइट हाउस’ सुरक्षा जांच चौकी के पास गोलीबारी करने वाले हमलावर की मौत: अमेरिकी अधिकारी

‘व्हाइट हाउस’ सुरक्षा जांच चौकी के पास गोलीबारी करने वाले हमलावर की मौत: अमेरिकी अधिकारी
Modified Date: May 24, 2026 / 10:16 am IST
Published Date: May 24, 2026 10:16 am IST

वाशिंगटन, 24 मई (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ की सुरक्षा जांच चौकी के पास अधिकारियों पर गोलीबारी करने वाले एक व्यक्ति की सुरक्षाकर्मियों की जवाबी कार्रवाई में मौत हो गई है। ‘यूएस सीक्रेट सर्विस’ ने यह जानकारी दी।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आसपास गोलीबारी की पिछले एक महीने में यह तीसरी घटना थी।

कानून प्रवर्तन एजेंसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक बयान में बताया कि सेवनटींथ स्ट्रीट और पेंसिल्वेनिया एवेन्यू इलाके में मौजूद हमलावर ने पूर्वी समयानुसार शाम छह बजे के कुछ देर बाद ‘‘अपने बैग से हथियार निकाला’’ और गोलीबारी शुरू कर दी। एजेंसी ने बताया कि ‘सीक्रेट सर्विस’ के अधिकारियों ने जवाबी गोलीबारी की जिसमें संदिग्ध घायल हो गया और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

एक कानून प्रवर्तन अधिकारी ने अपनी पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि संदिग्ध की पहचान 21 वर्षीय नासिरे बेस्ट के रूप में हुई है।

‘डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया’ अदालत के रिकॉर्ड के अनुसार, बेस्ट को जुलाई 2025 में उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब उसने बिना अनुमति के ‘व्हाइट हाउस’ की एक अन्य जांच चौकी में प्रवेश करने की कोशिश की थी। उस समय उसने अधिकारियों के रुकने के आदेशों का पालन नहीं करते हुए ‘‘दावा किया था कि वह ईसा मसीह है’’ और उसने कहा था कि वह गिरफ्तार होना चाहता है।

मामले में प्रारंभिक सुनवाई हुई थी और उसे ‘‘मुकदमे पर सुनवाई से पहले दूर रहने का आदेश’’ जारी किया गया था। इस तरह के आदेश में आरोपी को आमतौर पर मुकदमे से पहले किसी व्यक्ति या क्षेत्र के पास नहीं जाने का निर्देश दिया जाता है।

पिछले एक महीने में यह तीसरी बार है जब राष्ट्रपति के पास गोलीबारी हुई। इससे पहले अप्रैल में व्हाइट हाउस संवाददाता संघ के रात्रिभोज और मई की शुरुआत में वाशिंगटन मोन्यूमेंट के पास ऐसी घटनाएं हुई थीं।

शनिवार को हुई घटना के दौरान एक राहगीर को भी गोली लगी है लेकिन कानून प्रवर्तन के एक अधिकारी ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि वह संदिग्ध द्वारा शुरू में चलाई गई गोलियों से घायल हुआ या अधिकारियों द्वारा की गई गोलीबारी के दौरान उसे गोली लगी।

‘सीक्रेट सर्विस’ ने कहा कि इस दौरान उसका कोई अधिकारी घायल नहीं हुआ और ट्रंप सुरक्षित हैं। ट्रंप घटना के समय ‘व्हाइट हाउस’ में मौजूद थे। ट्रंप का पहले न्यू जर्सी स्थित अपने गोल्फ क्लब में सप्ताहांत बिताने का कार्यक्रम था लेकिन उन्होंने शुक्रवार को अपनी योजना बदलकर ‘व्हाइट हाउस’ में ही रहने का फैसला किया।

‘व्हाइट हाउस’ में शनिवार को मौजूद पत्रकारों ने कई गोलियां चलने की आवाज सुनाई देने की सूचना दी और उन्हें संवाददाता सम्मेलन कक्ष के भीतर जाने को कहा गया।

संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के निदेशक काश पटेल ने सोशल मीडिया पर कहा कि एजेंसी के कर्मी मौके पर मौजूद हैं और ‘‘जैसे ही संभव होगा, हम लोगों को जानकारी देंगे।’’

यह स्थान उस जगह के पास है जहां पिछले साल नवंबर में एक बंदूकधारी ने ‘वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड’ के दो सदस्यों पर घात लगाकर हमला किया था। उस हमले में अमेरिकी सेना की विशेषज्ञ सारा बेकस्ट्रॉम (20) की मौत हो गई थी तथा स्टाफ सार्जेंट एंड्रयू वुल्फ गंभीर रूप से घायल हुए थे।

एपी सिम्मी अमित

अमित


लेखक के बारे में