अमेरिका के सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने भारत के प्रति घृणा की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई
अमेरिका के सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने भारत के प्रति घृणा की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 19 जून (भाषा) अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने अमेरिका में भारत के प्रति घृणा की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है और लोगों से कट्टरता, पूर्वाग्रह तथा भेदभाव के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने का आह्वान किया है।
डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद कृष्णमूर्ति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में टेक्सास के फ्रिस्को शहर की एक घटना का उल्लेख किया, जिसमें कथित तौर पर श्वेत वर्चस्ववादियों के एक समूह ने सिटी हॉल के बाहर भारत विरोधी नारे लगाए और भारतीय ध्वज फाड़ दिया।
इलिनॉयस से सांसद कृष्णमूर्ति ने कहा, ‘‘मैं अमेरिका में बढ़ती भारत विरोधी घटनाओं की ओर सभी का ध्यान आकर्षित करना चाहता हूं। कुछ सप्ताह पहले टेक्सास के फ्रिस्को में श्वेत वर्चस्ववादियों का एक समूह सिटी हॉल के सामने एकत्र हुआ और ‘भारत वापस जाओ’, ‘टेक्सास में हिंदुओं का कब्जा बंद करो’ तथा ‘तुम हमारी जगह नहीं ले पाओगे’ जैसे नारे लगाए।’’
उन्होंने कहा कि अमेरिका में घृणा का कोई स्थान नहीं है।
कृष्णमूर्ति ने कहा, ‘‘ मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि यह हिंदुओं, मुसलमानों, यहूदियों या किसी भी धर्म अथवा राष्ट्रीयता के लोगों के खिलाफ है। हमें किसी भी व्यक्ति के प्रति होने वाली कट्टरता, पूर्वाग्रह और भेदभाव के खिलाफ एकजुट होना चाहिए। मुझे आशा है कि आप इस मुद्दे पर ध्यान देंगे।’
मई में कृष्णमूर्ति और अन्य डेमोक्रेटिक सांसदों ने अमेरिकी कांग्रेस में एक प्रस्ताव पेश किया था, जिसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय और चीनी मूल के अमेरिकियों को निशाना बनाकर की गई कथित ‘‘नस्लवादी टिप्पणियों’’ को बढ़ावा देने की निंदा की गई थी।
कृष्णमूर्ति, टेड लियू और प्रमिला जयपाल द्वारा पेश किए गए इस प्रस्ताव में ट्रंप द्वारा अपने सोशल मीडिया मंच ट्रूथ पर रेडियो प्रस्तोता माइकल सैवेज के एक पोस्ट को साझा किए जाने की आलोचना की गई थी। पोस्ट में जन्मजात नागरिकता पर सवाल उठाए गए थे।
भाषा खारी शोभना
शोभना

Facebook


