बिहार : बांका में युवती से छेड़छाड़, मंदर हिल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
बिहार : बांका में युवती से छेड़छाड़, मंदर हिल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
पटना, 25 सितंबर (भाषा) बिहार के जमुई और समस्तीपुर में सामने आए छेड़छाड़ के मामलों के बाद अब बांका जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मंदर हिल का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें एक युवती के साथ कुछ युवकों द्वारा अभद्रता किए जाने का दावा किया गया है।
जिला पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, बौंसी थाना पुलिस ने 22 सितंबर को व्हाट्सऐप के माध्यम से प्राप्त वीडियो का संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह वीडियो तीन जून का प्रतीत होता है और मामले की जांच जारी है।
यह कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि, पीटीआई इसकी प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
बौंसी थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता अपने दो मित्रों के साथ मंदर हिल घूमने गई थी। आरोप है कि वहां तीन युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज की, धमकाया और युवती के साथ अशोभनीय व्यवहार किया।
प्राथमिकी के मुताबिक, आरोपियों में शामिल अब्दुल्ला ने पीड़िता के एक मित्र के खाते से ऑनलाइन 1,500 रुपये भी ट्रांसफर कराए, जिसके बाद उन्हें वहां से जाने दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान अब्दुल्ला, नीतीश कुमार राय और विकास कुमार के रूप में की है। अधिकारियों के अनुसार, तीनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया गया है। साथ ही, कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने तथा पीड़िता की पहचान उजागर करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब हाल के दिनों में जमुई में एक किशोरी से कथित छेड़छाड़ और समस्तीपुर में वायरल वीडियो के बाद चार लोगों की गिरफ्तारी के बाद राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है।
भाषा कैलाश
मनीषा
मनीषा

Facebook


