बिहार के मुजफ्फरपुर में 100 करोड़ रुपये की लागत रेडियोथेरेपी केंद्र विकसित किया गया
बिहार के मुजफ्फरपुर में 100 करोड़ रुपये की लागत रेडियोथेरेपी केंद्र विकसित किया गया
पटना, 17 सितंबर (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में फार्मा कंपनी एल्केम लैबोरेटरीज द्वारा एक रेडियोथेरेपी केंद्र विकसित किया गया है जिसकी लागत करीब 100 करोड़ रुपये है। यह केंद्र उस कैंसर अस्पताल से जुड़ा है, जिसका प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में उद्घाटन किया था।
‘सम्प्रदा सिंह मेमोरियल रेडियोथेरेपी सेंटर’ नामक यह केंद्र फार्मा कंपनी अल्केम लेबोरेटरीज़ द्वारा स्थापित किया गया है। इसका नाम कंपनी के दिवंगत संस्थापक सम्प्रदा सिंह के नाम पर रखा गया है, जो बिहार के रहने वाले थे।
बयान के अनुसार, यह केंद्र हर वर्ष 3,500 से 4,000 कैंसर मरीजों का उपचार करने में सक्षम है। यह होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (एचबीसीएवआसी) का हिस्सा है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले माह किया था।
अल्केम लेबोरेटरीज़ की कार्यकारी निदेशक मधुरिमा सिंह ने कहा, “अल्केम की जड़ें बिहार में हैं और यह हमारे लिए बेहद महत्व रखता है कि हम इस क्षेत्र को कुछ वापस दे सकें। हर वर्ष कैंसर के मामलों में वृद्धि हो रही है, ऐसे में घर के पास विश्वस्तरीय सुविधाओं की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है।”
एचबीसीएचआरसी के निदेशक कुमार प्रभाष ने कहा, “अल्केम फाउंडेशन के साथ हमारी साझेदारी वर्षों से स्क्रीनिंग और पालीएटिव केयर क्षेत्र में रही है। इस केंद्र के माध्यम से अब हम मरीजों को समग्र और करुणामयी उपचार प्रदान कर सकते हैं, जिससे बिहार और आसपास के राज्यों में उपचार की कमी को दूर किया जा सकेगा।”
कंपनी द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि यह केंद्र बिहार में तकनीकी रूप से सबसे उन्नत रेडियोथेरेपी सुविधा है और पूर्वी भारत के शीर्ष तीन-चार केंद्रों में शामिल है।
बयान के अनुसार यह केंद्र विभिन्न अत्याधुनिक तकनीकों से लैस है।
भाषा कैलाश अविनाश
अविनाश

Facebook


