Chhattisgarh Budget 2026-27: छत्तीसगढ़ सरकार ने पेश किया ‘संकल्प से सिद्धि’ का रोडमैप.. बजट में बस्तर और सरगुजा की तस्वीर बदलने करोड़ों रुपए का प्रावधान
Chhattisgarh Budget 2026-27: मुख्यमंत्री ने 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया, जिसमें बस्तर-सरगुजा सहित समग्र राज्य विकास पर जोर दिया गया।
Chhattisgarh Budget 2026-27 || Image- IBC24 News File
- बस्तर और सरगुजा क्षेत्र के लिए विशेष बजट प्रावधान
- मुख्यमंत्री मिशन और स्टार्टअप नीति से नवाचार को बढ़ावा
- कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े निवेश
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रदेश के सर्वांगीण विकास, अंत्योदय और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प को साकार करने वाला बजट है। (Chhattisgarh Budget 2026-27) उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का पहला बजट “ज्ञान” और दूसरा बजट “गति” की थीम पर आधारित था, जबकि इस वर्ष का बजट “संकल्प” की भावना को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है, जो विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में निर्णायक कदम सिद्ध होगा।
पांच नए मिशन शामिल
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस बजट में समावेशी विकास, अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण, निवेश संवर्धन, कुशल मानव संसाधन निर्माण, लाइवलीहुड, अंत्योदय तथा “पॉलिसी से परिणाम” तक की स्पष्ट रणनीति को प्राथमिकता दी गई है। यह बजट यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप प्रदेश की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार मिशन मोड में कार्य करने के लिए पांच मुख्यमंत्री मिशन प्रारंभ कर रही है, जिनमें मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन, मुख्यमंत्री एआई मिशन, मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन, मुख्यमंत्री स्टार्टअप मिशन तथा मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन शामिल हैं। इन मिशनों के माध्यम से प्रदेश के विकास को नई दिशा, नई धार और नई गति मिलेगी।
बस्तर में शिक्षा पर विशेष फोकस
उन्होंने कहा कि शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्कूल शिक्षा के लिए कुल बजट का 13.5 प्रतिशत प्रावधान किया गया है, जो सर्वाधिक है। बस्तर के अबूझमाड़ और जगरगुंडा में दो एजुकेशन सिटी स्थापित की जाएंगी, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के लिए कैशलेस उपचार सुविधा हेतु भी बजट में प्रावधान किया गया है। औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 23 नवीन औद्योगिक पार्कों की स्थापना हेतु 250 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। (Chhattisgarh Budget 2026-27) वहीं शहरी क्षेत्रों के विकास के लिए मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना में 200 करोड़ रुपए तथा भूमि विकास बैंक के लिए भी 200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
कृषि से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने 100 करोड़ रुपए का प्रावधान
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है और कृषि क्षेत्र राज्य की अर्थव्यवस्था की आधारशिला है। इसी को ध्यान में रखते हुए कृषि क्षेत्र के लिए 13 हजार 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी के अंतर की राशि का भुगतान एकमुश्त करने की व्यवस्था जारी रहेगी और इसके लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर और सरगुजा क्षेत्र का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन क्षेत्रों में खाद्य, कृषि और उससे जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। साथ ही बकरी पालन, सूअर पालन और मधुमक्खी पालन जैसे गतिविधियों को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।
होमस्टे योजना हेतु 10 करोड़ रुपए का प्रावधान
उन्होंने बताया कि इंद्रावती नदी पर देवरगांव और मटनार बैराज निर्माण के लिए 2000 करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान किया गया है, जिससे बस्तर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता का विस्तार होगा और किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि माओवादी उन्मूलन में बस्तर फाइटर्स की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए बस्तर फाइटर्स में 1500 नई भर्तियों का प्रावधान किया गया है। पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे योजना हेतु 10 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जिनमें कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा एवं दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज संचालन, जगदलपुर-अंबिकापुर हवाई सेवाओं का विस्तार, अंदरूनी क्षेत्रों में मुख्यमंत्री बस सेवा तथा बस्तर एवं सरगुजा ओलंपिक्स के आयोजन शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रियाओं को तेज करने हेतु व्यापम की दक्षता बढ़ाने के प्रावधान किए गए हैं। (Chhattisgarh Budget 2026-27) साथ ही युवाओं के शैक्षणिक भ्रमण के लिए छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना प्रारंभ की जाएगी तथा लखपति दीदियों के भ्रमण कार्यक्रम के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री साय ने इस बजट को प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी एवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि यह बजट प्रदेश को समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मील का पत्थर साबित होगा।
बस्तर-सरगुजा के लिए क्या कुछ बजट में?
छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर और सरगुजा क्षेत्र के लिए बजट में कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए हैं। बस्तर-सरगुजा ओलंपिक के लिए 5-5 करोड़ रुपये, बस्तर नेट परियोजना के लिए 5 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री बस सेवा योजना के लिए 10 करोड़ रुपये और होम स्टे पॉलिसी के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। मैनपाट के लिए 5 करोड़ रुपये तथा बकरी पालन, शूकर पालन और मधुमक्खी पालन के लिए 15 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, सुकमा, जशपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज और कोरिया सहित विभिन्न जिलों में कई सड़कों के निर्माण के लिए 7 करोड़ से 28 करोड़ रुपये तक के प्रावधान किए गए हैं। सरकार ने कहा है कि कोरिया से चिरमिरी तक सहित अनेक सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
राज्य के नवगठित समय के पहले बजट का आकार जहां 5 हजार करोड़ रुपये था, वहीं वर्ष 2026-27 में बजट का आकार बढ़कर 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये हो गया है। बस्तर एवं सरगुजा क्षेत्र के लिए विशेष प्रावधान करते हुए दंतेवाड़ा की एजुकेशन सिटी की तर्ज पर अबूझमाड़ और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी स्थापना हेतु 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। (Chhattisgarh Budget 2026-27) बस्तर और सरगुजा में अलाईट कृषि सेक्टर एवं एग्रो फॉरेस्ट प्रोसेसिंग जैसे रोजगार आधारित क्षेत्रों के लिए 100 करोड़ रुपये तथा कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़ और दंतेवाड़ा मेडिकल कॉलेज के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
सिंचाई योजनाओं के तहत कांकेर में मेढ़की बैराज निर्माण के लिए 400 करोड़ रुपये, बीजापुर में मट्टीमारका डायवर्सन योजना के लिए 110 करोड़ रुपये, बस्तर में महादेवघाट बैराज के लिए 100 करोड़ रुपये, जशपुर के पंमशाला एनीकट में लिफ्ट इरीगेशन के लिए 60 करोड़ रुपये, अंबिकापुर के सरगंवा में बैराज निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये तथा बैकुंठपुर में गेज डैम उन्नयन के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान शामिल है। वहीं सरगुजा-जशपुर विकास प्राधिकरण और बस्तर विकास प्राधिकरण के लिए 75-75 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
इन्हें भी पढ़ें:-
- डोपिंग टेस्ट से बचने पर एआईयू ने भारतीय धाविका पूजा आत्माराम पर तीन साल का प्रतिबंध लगाया
- तमिलनाडु पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन को 558 मेगावाट बिजली आपूर्ति करेगी मोक्सी पावर जनरेशन
- जिम्बाब्वे के कोच सैमन्स ने कहा, भारत कोई कसर नहीं छोड़ेगा लेकिन हमें स्मार्ट क्रिकेट खेलनी होगी
- हेटमायर तीसरे नंबर पर बहुमूल्य खिलाड़ी, निचले क्रम में उनकी प्रतिभा बेकार जा रही थी : शाई होप
- कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के इजराइल दौरे पर सवाल खड़े किए, फलस्तीनियों के हितों को छोड़ने का आरोप

Facebook


