इंडियाएआई स्टार्टअप कार्यक्रम के दूसरे चरण में 10 एआई स्टार्टअप चुने गए
इंडियाएआई स्टार्टअप कार्यक्रम के दूसरे चरण में 10 एआई स्टार्टअप चुने गए
नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत संचालित इंडियाएआई मिशन ने ‘इंडियाएआई स्टार्टअप ग्लोबल एक्सेलरेशन प्रोग्राम’ के दूसरे चरण के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) क्षेत्र की 10 भारतीय स्टार्टअप कंपनियों का चयन किया है।
शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह कार्यक्रम फ्रांस स्थित स्टेशन एफ और एचईसी पेरिस के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
चयनित स्टार्टअप स्वास्थ्य-प्रौद्योगिकी, जलवायु-प्रौद्योगिकी, शिक्षा-प्रौद्योगिकी, उपग्रह इंटेलिजेंस और संज्ञानात्मक कृत्रिम मेधा जैसे क्षेत्रों से जुड़े हैं।
इन स्टार्टअप में एआई हेल्थ हाईवे इंडिया, अविरोस, कॉग्नेक्टो, फ्लॉन्ट, ग्रीनफाई.एआई क्लाइमेटफोर्स टेक्नोलॉजीज, इन्फीहील हेल्थटेक, इनलुस्ट्रो लर्निंग, प्रेडको, स्कायसर्व हाईस्पेस टेक्नोलॉजीज और टेस्टएआईंग सॉल्यूशंस शामिल हैं।
बयान के मुताबिक, प्रत्येक समूह में चुने गए स्टार्टअप को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार के लिए आवश्यक संसाधन, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और रणनीतिक संपर्क उपलब्ध कराए जाते हैं।
यह कार्यक्रम भारत की राष्ट्रीय एआई रणनीति के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी एआई कंपनियां तैयार करना और अंतरराष्ट्रीय उद्यमशीलता परिवेश के साथ ज्ञान आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।
चयनित स्टार्टअप फर्मों को तीन सप्ताह का ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद फ्रांस की राजधानी पेरिस में तीन महीने का एक कार्यक्रम आयोजित होगा जहां उन्हें वैश्विक बाजार में विस्तार के लिए तैयार किया जाएगा।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण

Facebook


