अदाणी एयरपोर्ट, ब्लिंकिट ने मुंबई हवाई अड्डे पर देश की पहली ‘इन-टर्मिनल’ त्वरित वाणिज्य सेवा शुरू की

अदाणी एयरपोर्ट, ब्लिंकिट ने मुंबई हवाई अड्डे पर देश की पहली 'इन-टर्मिनल' त्वरित वाणिज्य सेवा शुरू की

अदाणी एयरपोर्ट, ब्लिंकिट ने मुंबई हवाई अड्डे पर देश की पहली ‘इन-टर्मिनल’ त्वरित वाणिज्य सेवा शुरू की
Modified Date: April 1, 2026 / 04:31 pm IST
Published Date: April 1, 2026 4:31 pm IST

नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने ब्लिंकिट के साथ साझेदारी में बुधवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारत की पहली ‘इन-टर्मिनल’ त्वरित वाणिज्य सेवा (फटाफट सामान पहुंचाने) शुरू करने की घोषणा की।

यह सेवा वर्तमान में टर्मिनल-2 के घरेलू प्रस्थान क्षेत्र में शुरू हो गई है, जिसके माध्यम से ऐप आधारित वितरण सेवा को सीधे हवाई अड्डे के भीतर उपलब्ध कराया गया है।

इस सुविधा के तहत यात्री ब्लिंकिट ऐप के माध्यम से अपनी जरूरत का सामान मंगवा सकते हैं। यह सामान हवाई अड्डे के भीतर बोर्डिंग गेट, लाउंज, फूड कोर्ट और कुछ चुनिंदा केंद्रों पर सीधे यात्री के स्थान तक पहुंचाया जाएगा।

अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘टर्मिनल के भीतर ऐप आधारित सुविधा मिलने से यात्री अपने समय का बेहतर उपयोग कर सकेंगे और इससे सेवाओं के समग्र स्तर में भी सुधार होगा। यह कदम हवाई अड्डों को यात्रियों की जरूरतों के प्रति अधिक संवेदनशील और केंद्रित बनाने की दिशा में एक पहल है।’

इस सेवा के दायरे में यात्रा से जुड़े सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, खाने-पीने की वस्तुएं, पुस्तकें, बच्चों की देखभाल से जुड़े उत्पाद और व्यक्तिगत जरूरत की अन्य चीजें शामिल हैं।

सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए, तरल पदार्थ जैसे कि पैक किया हुआ पानी और ठंडे पेय पदार्थ हवाई अड्डे के भीतर ही स्वीकृत भंडार से उपलब्ध कराए जाएंगे।

ब्लिंकिट के लिए यह पहल त्वरित वाणिज्य सेवा को एक ऐसे व्यस्त स्थान तक ले जाने का प्रयास है जहां उपभोक्ताओं की मांग और जरूरत अधिक रहती है। इससे ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार और नए ग्राहकों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।

भाषा सुमित अजय

अजय


लेखक के बारे में