एयरटेल अफ्रीका का मुनाफा वित्त वर्ष 2025-26 में 81.3 करोड़ डॉलर
एयरटेल अफ्रीका का मुनाफा वित्त वर्ष 2025-26 में 81.3 करोड़ डॉलर
नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) भारती एयरटेल की अफ्रीकी इकाई एयरटेल अफ्रीका का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2025-26 में दोगुने से अधिक बढ़कर 81.3 करोड़ डॉलर (करीब 7,700 करोड़ रुपये) हो गया।
कंपनी ने शुक्रवार को कहा कि यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से नाइजीरिया में शुल्क समायोजन और विदेशी मुद्रा लाभ के कारण हुई।
एयरटेल अफ्रीका ने कहा कि वह 2026 की दूसरी छमाही में एयरटेल मनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने की योजना बना रही है।
एयरटेल अफ्रीका 14 अफ्रीकी देशों में परिचालन करती है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 32.8 करोड़ डॉलर शुद्ध लाभ कमाया था।
कंपनी ने बयान में कहा, “समीक्षाधीन अवधि में अधिक परिचालन लाभ तथा 12.7 करोड़ डॉलर के डेरिवेटिव और विदेशी मुद्रा लाभ के कारण कर पश्चात लाभ बढ़ा। वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी को इस मद में 17.9 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ था।”
एयरटेल मनी का ग्राहक आधार सालाना आधार पर 21.3 प्रतिशत बढ़कर 5.41 करोड़ हो गया, जबकि लेनदेन करने वाले ग्राहकों की संख्या वित्त वर्ष 2025-26 में 74 प्रतिशत बढ़ी।
एयरटेल अफ्रीका के सीईओ सुनील तलदार ने कहा, ‘हाल के वैश्विक घटनाक्रमों के बाद बाजार की परिस्थितियों ने एयरटेल मनी आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के समय को प्रभावित किया है। हमने अच्छी प्रगति की है और बाजार की स्थिति अनुकूल रहने पर 2026 की दूसरी छमाही में आईपीओ लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
वित्त वर्ष 2025-26 में एयरटेल अफ्रीका का राजस्व 29.5 प्रतिशत बढ़कर 641.5 करोड़ डॉलर हो गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 490 करोड़ डॉलर था।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


