एक्सिस बैंक डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई का आधिकारिक बैंकिंग साझेदार बना
एक्सिस बैंक डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई का आधिकारिक बैंकिंग साझेदार बना
नयी दिल्ली, 21 मार्च (भाषा) निजी क्षेत्र के ऋणदाता एक्सिस बैंक ने डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) के साथ आधिकारिक बैंकिंग साझेदारी की घोषणा की है।
बैंक ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि यह साझेदारी भारत में पेशेवर गोल्फ के विकास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और खेल उत्कृष्टता तथा सामुदायिक जुड़ाव को बढ़ावा देने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
बैंक ने कहा कि इस साझेदारी के तहत एक्सिस बैंक इस सत्र में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिताओं का समर्थन करेगा, जिससे खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और देशभर में गोल्फ के विस्तार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, इस सहयोग का उद्देश्य खिलाड़ियों के लिए अवसर बढ़ाना, प्रतियोगिताओं के अनुभव को बेहतर बनाना और दर्शकों की भागीदारी को बढ़ाना है।
साझेदारी पर टिप्पणी करते हुए एक्सिस बैंक के कार्यकारी निदेशक मुनिश शारदा ने कहा कि यह सहयोग उन प्रीमियम ग्राहकों से बैंक के जुड़ाव को भी मजबूत करेगा, जिनका इस खेल से गहरा संबंध है।
उन्होंने कहा कि बैंक भारत में पेशेवर गोल्फ के विकास में योगदान देने और उभरती प्रतिभाओं को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
पीजीटीआई के अध्यक्ष और पूर्व भारतीय क्रिकेटर कप्तान कपिल देव ने कहा कि इस स्तर की साझेदारियां इस प्रतियोगिता की नींव को मजबूत करने, खिलाड़ियों के लिए अवसर बढ़ाने और देशभर में इस खेल के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


