छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय ने अंबिकापुर-दिल्ली-कोलकाता हवाई सेवा की शुरुआत की
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय ने अंबिकापुर-दिल्ली-कोलकाता हवाई सेवा की शुरुआत की
रायपुर, 30 मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को अंबिकापुर-दिल्ली-कोलकाता हवाई सेवा की वर्चुअल शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राज्य के बड़े शहरों को हवाई मार्गों से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है, जिससे आम लोगों के लिए हवाई यात्रा सुलभ हो सके।
अधिकारियों ने बताया कि रायपुर जिले के चंदखुरी गांव में स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी में आयोजित एक कार्यक्रम से इस हवाई सेवा की वर्चुअल शुरुआत की।
अंबिकापुर, सरगुजा जिले का मुख्यालय है।
इस अवसर पर साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख शहरों को हवाई सेवाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिससे आमजन को भी सुलभ हवाई यात्रा का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह परिकल्पना रही है कि ‘हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई यात्रा कर सके’ और छत्तीसगढ़ में यह सपना अब साकार होता दिख रहा है।
उन्होंने सरगुजा अंचल के नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय सांसद के प्रयासों से यह महत्वपूर्ण सुविधा संभव हो पाई है। राजधानी दिल्ली और कोलकाता से सीधा जुड़ाव होने से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
साय ने बताया कि राज्य में हवाई सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है और हाल ही में बिलासपुर हवाई अड्डे पर ‘नाइट लैंडिंग’ सुविधा भी शुरू हुई है। इसके साथ ही बजट में ‘सीजी वायु’ योजना के माध्यम से घरेलू विमान सेवाओं के सुचारू संचालन का प्रावधान भी किया गया है। रायपुर हवाई अड्डे पर कार्गो सेवा प्रारंभ होने से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि अंबिकापुर (दरिमा) में 72-सीट वाले विमान के संचालन से दिल्ली–अंबिकापुर–कोलकाता के बीच संपर्क और मजबूत होगी।
अधिकारियों ने बताया कि विमानन कंपनी अलायंस एयर द्वारा इन उड़ानों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट बुकिंग आधिकारिक वेबसाइट पर प्रारंभ हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली मार्ग की उड़ान सोमवार और बुधवार को, जबकि कोलकाता मार्ग की उड़ान बृहस्पतिवार और शनिवार को संचालित की जाएगी।
अंबिकापुर उत्तरी छत्तीसगढ़ का एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक, शैक्षिक और वाणिज्यिक केंद्र है, जो प्राकृतिक संसाधनों, वनों और खनिजों से समृद्ध है।
अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में मैनपाट और तातापानी जैसे पर्यटन स्थलों के कारण पर्यटन की भी अपार संभावनाएं हैं।
इस सेवा के शुरू होने के साथ ही, सरगुजा क्षेत्र अब सीधे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जुड़ जाएगा, जिससे व्यापार के अवसर, निवेश और स्थानीय उत्पादों के लिए बाजार तक पहुंच को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा का विकास केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) के अंतर्गत किया गया है। वर्ष 1950 में निर्मित इस हवाई पट्टी का विस्तार कर रनवे को 1500 मीटर से बढ़ाकर 1800 मीटर किया गया, जिससे अब एटीआर जैसे बड़े विमान यहां संचालित हो सकते हैं।
संजीव रवि कांत अजय
अजय

Facebook


