कोल इंडिया ने मार्च में छह माह में पहली बार बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की
कोल इंडिया ने मार्च में छह माह में पहली बार बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की
नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया लि. (सीआईएल) ने मार्च महीने के दौरान छह माह में पहली बार बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की है। यह बढ़ोतरी पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण गैस की कमी के बीच, गर्मियों में कोयले की सबसे ज़्यादा मांग से पहले कोयले का ज़्यादा स्टॉक की स्थिति को दर्शाती है।
कोल इंडिया का देश के कुल कोयला उत्पादन में 80 प्रतिशत से ज़्यादा का हिस्सा है।
शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, मार्च में सीआईएल द्वारा कोयले की बिक्री या ग्राहकों को आपूर्ति 0.7 प्रतिशत बढ़कर 6.95 करोड़ टन हो गई।
सीआईएल ने बताया कि फरवरी में कोयले की बिक्री 1.5 प्रतिशत, जनवरी में 4.7 प्रतिशत, दिसंबर में 5.2 प्रतिशत, नवंबर में 0.3 प्रतिशत, अक्टूबर में 5.9 प्रतिशत और सितंबर में 1.1 प्रतिशत कम हुई थी।
कंपनी ने बताया कि अगस्त में कोयले की बिक्री में 7.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी।
यह सरकारी कंपनी (पीएसयू) कोयले से होने वाले कुल बिजली उत्पादन में 75 प्रतिशत का योगदान देती है।
कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2028-29 तक कोयले का उत्पादन बढ़ाकर एक अरब टन तक पहुंचाना है, ताकि कोयले के आयात पर निर्भरता कम हो सके और देश की घरेलू मांग को पूरा किया जा सके।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


