इमामी करेगी एक्सियोम आयुर्वेद का पूर्ण अधिग्रहण
इमामी करेगी एक्सियोम आयुर्वेद का पूर्ण अधिग्रहण
नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) रोजमर्रा के उपभोग के उत्पाद बनाने वाली प्रमुख कंपनी इमामी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह ‘एलोफ्रूट’ जूस बनाने वाली कंपनी ‘एक्सियोम आयुर्वेद’ में बाकी बची 73.5 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करेगी। यह सौदा लगभग 200 करोड़ रुपये का होने का अनुमान है।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि उसने एक अप्रैल 2026 को इस हिस्सेदारी को खरीदने के लिए पक्का समझौता कर लिया है। यह सौदा अगले तीन महीनों में पूरा होने की उम्मीद है, जिसके बाद एक्सियोम, इमामी की अनुषंगी कंपनी बन जाएगी।
इमामी ने 28 सितंबर, 2023 को एक्सियोम में 26 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदकर पैकेटबंद जूस के कारोबार में कदम रखा था। ‘एलोफ्रूट’ के अलावा एक्सियोम के पास ‘मुक्ति गोल्ड’ ब्रांड के तहत सौंदर्य उत्पाद भी हैं।
इमामी के वाइस चेयरमैन और प्रबंध निदेशक हर्ष वर्धन अग्रवाल ने कहा कि एक्सियोम के पूरी तरह इमामी के दायरे में आने से तेजी से बढ़ते पेय पदार्थ क्षेत्र में हमारा औपचारिक प्रवेश होगा।
एक्सियोम एक मुनाफे वाली कंपनी है और वित्त वर्ष 2025-26 में इसका कुल कारोबार करीब 180 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।
भाषा सुमित अजय
अजय

Facebook


