आंधी-तूफान व ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मिलेगी क्षतिपूर्ति: मंत्री

आंधी-तूफान व ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मिलेगी क्षतिपूर्ति: मंत्री

आंधी-तूफान व ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मिलेगी क्षतिपूर्ति: मंत्री
Modified Date: March 30, 2026 / 07:53 pm IST
Published Date: March 30, 2026 7:53 pm IST

पटना, 30 मार्च (भाषा) बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने सोमवार को कहा कि मार्च, 2026 के तीसरे और चौथे सप्ताह में विभिन्न जिलों में आए आंधी-तूफान, असामयिक वर्षा और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का सरकार व्यापक आकलन करा रही है। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार फसल क्षतिपूर्ति के लिए सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।

यादव ने बताया कि अब तक राज्य के 36 जिलों से प्राप्त प्रतिवेदनों के अनुसार 12 जिलों—सहरसा, मुजफ्फरपुर, अररिया, बेगूसराय, मधुबनी, पूर्णिया, खगड़िया, किशनगंज, मधेपुरा, दरभंगा, सुपौल और भागलपुर—के कुल 111 प्रखंडों में व्यापक फसल क्षति की सूचना मिली है। इन क्षेत्रों में लगभग 2,06,658.12 हेक्टेयर में लगी गेहूं, मक्का, दलहन, तिलहन सहित अन्य फसलों को 33 प्रतिशत या उससे अधिक नुकसान होने का आकलन किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार फसल क्षतिपूर्ति के लिए सहायता राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसानों को राहत प्रदान करने के लिए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है।

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फसल क्षतिपूर्ति में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी, क्योंकि सरकार का मानना है कि सरकारी खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है।

उन्होंने प्रभावित किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके नुकसान की भरपाई के लिए प्रतिबद्ध है और जल्द ही राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि किसान पुनः खेती की तैयारी कर सकें।

भाषा कैलाश

रवि कांत अजय

अजय


लेखक के बारे में