फिनोलेक्स केबल्स की पूर्वोत्तर में उपस्थिति बढ़ाने की योजना

फिनोलेक्स केबल्स की पूर्वोत्तर में उपस्थिति बढ़ाने की योजना

फिनोलेक्स केबल्स की पूर्वोत्तर में उपस्थिति बढ़ाने की योजना
Modified Date: April 17, 2026 / 02:56 pm IST
Published Date: April 17, 2026 2:56 pm IST

गुवाहाटी, 17 अप्रैल (भाषा) बिजली और संचार केबल बनाने वाली कंपनी फिनोलेक्स केबल्स लि. पूर्वोत्तर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति बढ़ाने की योजना बना रही है।

कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा कि यह कदम सरकार के बुनियादी ढांचे और विद्युतीकरण पर दिए जा रहे जोर को देखते हुए उठाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह बाजार विस्तार दीर्घकालिक होगा और पूर्वोत्तर में बेहतर पहुंच कंपनी को क्षेत्र के अधिक हिस्सों में विस्तार करने में मदद कर रही है।

कंपनी के बिक्री एवं विपणन प्रमुख और प्रवक्ता अमित माथुर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘पूर्वोत्तर क्षेत्र हमारे लिए एक प्रमुख बाजार है और पिछले कुछ वर्षों में यहां लगातार अच्छी वृद्धि देखी गई है। हालांकि यह क्षेत्र संगठित बाजार हिस्सेदारी के मामले में अभी विकसित हो रहा है।’

उन्होंने कहा कि यह वृद्धि वितरण नेटवर्क के विस्तार और ब्रांड की बढ़ती लोकप्रियता के कारण हुई है।

कंपनी की कुल आय में पूर्वी क्षेत्र की हिस्सेदारी लगभग 15 प्रतिशत है, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों का योगदान क्षेत्रीय बिक्री में लगभग 17 प्रतिशत है।

माथुर ने कहा कि कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले दो से तीन वर्षों में पूर्वोत्तर एक उच्च वृद्धि वाला क्षेत्र बनेगा और इसके योगदान में और बढ़ोतरी होगी।

उन्होंने बताया कि पिछले चार से पांच वर्षों में क्षेत्र में मांग में तेजी आई है और यह एक संरचनात्मक और दीर्घकालिक वृद्धि प्रवृत्ति है, न कि कोई अस्थायी उछाल।

उन्होंने कहा कि गुवाहाटी, शिलांग और अगरतला जैसे शहरों में रियल एस्टेट गतिविधियां बढ़ रही हैं। साथ ही छोटे उद्यमों और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों का विस्तार भी मांग को बढ़ा रहा है।

कंपनी ने बताया कि पूरे क्षेत्र में व्यापक पहुंच के लिए बहु-स्तरीय वितरण नेटवर्क विकसित किया गया है।

माथुर ने कहा कि कंपनी को विश्वास है कि पूर्वोत्तर आने वाले वर्षों में उसका प्रमुख वृद्धि क्षेत्र बनेगा और राष्ट्रीय विस्तार रणनीति में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

भाषा योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में