फोर्स मोटर्स ने नई ‘ट्रैवलर एन’ रेंज को पेश किया
फोर्स मोटर्स ने नई ‘ट्रैवलर एन’ रेंज को पेश किया
नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) वाहन विनिर्माता फोर्स मोटर्स लिमिटेड ने अपनी नई ‘फोर्स ट्रैवलर एन’ रेंज को पेश किया है जिसका इस्तेमाल एंबुलेंस, डिलीवरी वैन एवं स्कूल बस जैसे विभिन्न उपयोगों के लिए किया जा सकता है।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह रेंज एक ही वाहन प्लेटफॉर्म पर आधारित है और अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से अलग संस्करण में उपलब्ध होगी। इसकी दिल्ली में शुरुआती कीमत 14.92 लाख रुपये रखी गई है।
फोर्स मोटर्स ने कहा कि वह चरणबद्ध तरीके से मौजूदा ‘ट्रैवलर’ मॉडल की जगह नई ‘एन’ रेंज को लेकर आएगी और भविष्य में उसके नए वाहन इसी प्लेटफॉर्म पर आधारित होंगे।
बयान के मुताबिक, ‘फोर्स ट्रैवलर’ चार दशकों से अपने खंड में एक स्थापित ब्रांड रहा है और कंपनी का इस श्रेणी में करीब 70 प्रतिशत बाजार हिस्सा है। यह वाहन एंबुलेंस, स्कूल बस और डिलीवरी वैन समेत कई उपयोगों में इस्तेमाल होता है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक प्रसन फिरोदिया ने कहा, “फोर्स ट्रैवलर साझा यात्री परिवहन क्षेत्र में एक भरोसेमंद उत्पाद रहा है और अपने खंड में लगातार अग्रणी बना हुआ है।”
उन्होंने कहा कि नई ‘ट्रैवलर एन’ रेंज को ग्राहकों, चालकों एवं यात्रियों से मिले सुझावों के आधार पर विकसित किया गया है।
भाषा
योगेश रमण प्रेम
प्रेम

Facebook


