फ्रांस की ग्रुप एडीपी जीएमआर एयरपोर्ट्स में 7.3 प्रतिशत हिस्सेदारी 10,100 करोड़ रुपये में बेचेगी

फ्रांस की ग्रुप एडीपी जीएमआर एयरपोर्ट्स में 7.3 प्रतिशत हिस्सेदारी 10,100 करोड़ रुपये में बेचेगी

फ्रांस की ग्रुप एडीपी जीएमआर एयरपोर्ट्स में 7.3 प्रतिशत हिस्सेदारी 10,100 करोड़ रुपये में बेचेगी
Modified Date: April 24, 2026 / 04:46 pm IST
Published Date: April 24, 2026 4:46 pm IST

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) फ्रांस की ग्रुप एडीपी जीएमआर एयरपोर्ट्स में अपनी 7.3 प्रतिशत तक हिस्सेदारी जीएमआर प्रवर्तक समूह को 10,100 करोड़ रुपये से अधिक में बेच रही है।

इस बहु-स्तरीय सौदे के पूरा होने के बाद, पेरिस हवाई अड्डा संचालक ग्रुप एडीपी की जीएमआर एयरपोर्ट्स में कुल हिस्सेदारी 32.3 प्रतिशत से घटकर 25 प्रतिशत रह जाएगी।

जीएमआर एयरपोर्ट्स लिमिटेड (जीएएल), जीएमआर समूह का हवाई अड्डा कारोबार संभालने वाली इकाई है। यह दिल्ली और हैदराबाद सहित कई हवाई अड्डों का संचालन करती है।

फ्रांसीसी समूह के बयान के अनुसार, ग्रुप एडीपी ने जीएएल में 7.3 प्रतिशत हिस्सेदारी का प्रतिनिधित्व करने वाली प्रतिभूतियों की बिक्री के लिए जीएमआर प्रवर्तक समूह के साथ समझौते किए हैं।

यह सौदा साधारण या अधिमान्य शेयर से संबंधित विकल्पों की प्रारंभिक बिक्री एवं प्रवेश के साथ-साथ जीएएल द्वारा जारी और वर्तमान में ग्रुप एडीपी के पास मौजूद परिवर्तनीय बॉण्ड की जीएमआर समूह द्वारा अग्रिम खरीद के माध्यम से पूरा किया जाएगा।

फ्रांसीसी समूह ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा, ‘‘ इस लेनदेन से कुल नकद प्राप्ति लगभग 92.4 करोड़ यूरो होने का अनुमान है।’’

मौजूदा विनिमय दर पर 92.4 करोड़ यूरो लगभग 1.08 अरब अमेरिकी डॉलर या 10,100 करोड़ रुपये से अधिक के बराबर है।

इस लेनदेन पर जीएमआर समूह की ओर से अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की गई।

जीएमआर प्रवर्तक समूह की जीएएल में वर्तमान में 34.9 प्रतिशत हिस्सेदारी है जो इस सौदे के बाद बढ़कर 42.2 प्रतिशत हो जाएगी। वहीं, ग्रुप एडीपी की हिस्सेदारी घटकर 25 प्रतिशत रह जाएगी जबकि जीएएल में सार्वजनिक हिस्सेदारी लगभग 32.8 प्रतिशत बनी रहेगी।

इस सौदे के तहत, ग्रुप एडीपी ने बृहस्पतिवार को जीएएल के साधारण शेयर का 3.4 प्रतिशत हिस्सा 25.6 करोड़ यूरो में बेच दिया।

बयान में कहा गया, ‘‘ इस लेनदेन के पूरा होने के बाद जीएएल में ग्रुप एडीपी के प्रशासनिक अधिकार और सह-प्रवर्तक का दर्जा अपरिवर्तित रहेगा।’’

ग्रुप एडीपी ने 2020 में जीएमआर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (जीआईएल) की तब अनुषंगी कंपनी रही जीएएल में करीब 1.3 अरब यूरो में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी।

जुलाई 2024 में जीआईएल के पुनर्गठन के बाद जीएएल को भारतीय शेयर बाजारों में एक अलग इकाई के रूप में सूचीबद्ध किया गया।

भाषा निहारिका पाण्डेय

पाण्डेय


लेखक के बारे में