सरकार कृषि क्षेत्र से जुड़े नीतिगत मुद्दों पर चर्चा के लिए लखनऊ में करेगी बैठक

सरकार कृषि क्षेत्र से जुड़े नीतिगत मुद्दों पर चर्चा के लिए लखनऊ में करेगी बैठक

सरकार कृषि क्षेत्र से जुड़े नीतिगत मुद्दों पर चर्चा के लिए लखनऊ में करेगी बैठक
Modified Date: April 23, 2026 / 07:17 pm IST
Published Date: April 23, 2026 7:17 pm IST

नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों के तहत, केंद्र सरकार शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कृषि क्षेत्र से जुड़े नीतिगत मुद्दों पर चर्चा करने के लिए उत्तरी क्षेत्र का एक सम्मेलन आयोजित करेगी।

एक सरकारी बयान के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस सम्मेलन में शामिल होंगे। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और रामनाथ ठाकुर भी इस बैठक में हिस्सा लेंगे।

उत्तरी क्षेत्र सम्मेलन कृषि को नए विचारों, नई तकनीकों और नए बाजारों से जोड़ने के लिए एक मंच प्रदान करेगा।

दिन भर चलने वाले इस सम्मेलन में विभिन्न विषयों पर सत्र होंगे। इनमें किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि अवसंरचना कोष, बागवानी में अवसर, दलहन आत्मनिर्भरता मिशन, खाद्य तेल-तिलहन पर राष्ट्रीय मिशन और डिजिटल कृषि मिशन के तहत किसान रजिस्ट्री जैसे प्रमुख विषयों पर चर्चा की जाएगी।

इन सत्रों में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कृषि और बागवानी मंत्री शामिल होंगे।

इसके अलावा, प्रगतिशील किसान, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), स्टार्टअप, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), कृषि वैज्ञानिक, नाबार्ड के प्रतिनिधि, बैंक और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां भी इसमें भाग लेंगी।

सम्मेलन में नकली कीटनाशकों और उर्वरकों पर नियंत्रण, उर्वरकों की कालाबाजारी की रोकथाम, वितरण प्रणालियों में सुधार और संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) एकीकृत कृषि प्रणालियों पर एक प्रस्तुति देगी।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण

रमण


लेखक के बारे में