एचडीएफसी बैंक का शुद्ध लाभ चौथी तिमाही में आठ प्रतिशत बढ़कर 20,351 करोड़ रुपये पर
एचडीएफसी बैंक का शुद्ध लाभ चौथी तिमाही में आठ प्रतिशत बढ़कर 20,351 करोड़ रुपये पर
मुंबई, 18 अप्रैल (भाषा) एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को बताया कि बीते वित्त वर्ष की मार्च तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 8.04 प्रतिशत बढ़कर 20,350.76 करोड़ रुपये रहा।
मुंबई मुख्यालय वाले इस बैंक ने वित्त वर्ष 2024-25 की इसी अवधि में 18,834.88 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
देश में निजी क्षेत्र के सबसे बड़े ऋणदाता का चौथी तिमाही का एकल शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 9.11 प्रतिशत बढ़कर 19,221.05 करोड़ रुपये हो गया। इससे पिछली दिसंबर 2025 तिमाही में बैंक ने 18,653.75 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
समीक्षाधीन तिमाही (जनवरी-मार्च 2026) में बैंक की कुल आय बढ़कर 89,809 करोड़ रुपये हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 89,488 करोड़ रुपये थी। कुल खर्च 62,951 करोड़ रुपये से घटकर 62,006 करोड़ रुपये रह गया।
बैंक की सकल गैर-निष्पादित संपत्ति (जीएनपीए) का अनुपात 1.15 प्रतिशत था, जो इससे पिछली दिसंबर तिमाही के अंत में 1.24 प्रतिशत और एक साल पहले की समान अवधि में 1.33 प्रतिशत था।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


