पश्चिम एशिया संकट के कारण कीमतों में बढ़ोतरी कर सकते हैं होटल, रेस्तरां

पश्चिम एशिया संकट के कारण कीमतों में बढ़ोतरी कर सकते हैं होटल, रेस्तरां

पश्चिम एशिया संकट के कारण कीमतों में बढ़ोतरी कर सकते हैं होटल, रेस्तरां
Modified Date: April 2, 2026 / 09:09 pm IST
Published Date: April 2, 2026 9:09 pm IST

मुंबई, दो अप्रैल (भाषा) वाणिज्यिक (कमर्शियल) एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी के बाद, ‘होटल एंड रेस्तरां एसोसिएशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया’ (एचआरएडब्ल्यूआई) ने बृहस्पतिवार को कहा कि आतिथ्य संस्थान जो पहले से ही पश्चिम एशिया युद्ध के कारण दबाव में हैं, परिचालन लागत में लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की आंशिक भरपाई के लिए खाद्य वस्तुओं की कीमतें बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं।

एचआरएडब्ल्यूआई के प्रवक्ता प्रदीप शेट्टी ने बयान में कहा कि 28 फरवरी को संघर्ष शुरू होने के बाद से, आतिथ्य क्षेत्र में परिचालन लागत में भारी बढ़ोतरी देखी गई है, जिसका मुख्य कारण बार-बार होने वाले बंद, काम करने के सीमित घंटे, मेन्यू में बदलाव और खाना पकाने के वैकल्पिक तरीकों को अपनाना है।

उन्होंने कहा कि इसके साथ ही कारोबार के आकार में भी गिरावट आई है, जिससे कुल मिलाकर व्यवसाय की सक्षमता पर गंभीर दबाव पड़ा है। उन्होंने आगे कहा कि इन सभी कारकों ने मिलकर परिचालन लागत को लगभग 20 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है।

शेट्टी ने बताया, ‘‘वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी ने पहले से ही कम हो रहे मुनाफे पर और दबाव डाल दिया है। इस स्थिति को देखते हुए आतिथ्य क्षेत्र के प्रतिष्ठानों के पास अब बढ़ती लागत के बोझ को आंशिक रूप से कम करने के लिए खानपान की वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी पर विचार करने के अलावा शायद ही कोई और विकल्प बचा हो।’’

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में