सस्ता होने के कारण मांग बढ़ने से बीते सप्ताह आयातित खाद्य तेलों में सुधार
सस्ता होने के कारण मांग बढ़ने से बीते सप्ताह आयातित खाद्य तेलों में सुधार
नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) देशी खाद्य तेलों के मुकाबले सस्ता होने की वजह से आगामी त्योहारों के मद्देनजर मांग बढ़ने से बीते सप्ताह सोयाबीन तेल, कच्चे पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तेल जैसे आयातित खाद्य तेलों के दाम मजबूत रहे। कम उपलब्धता के बीच ब्रांडेड कंपनियों की औद्योगिक मांग बढ़ने के कारण बिनौला तेल के दाम में भी सुधार आया। महंगे दाम के कारण लिवाली प्रभावित रहने से सरसों तेल-तिलहन, सोयाबीन संयंत्रों द्वारा खरीद बढ़ाने के मकसद से खरीद का दाम घटाये जाने के कारण सोयाबीन तिलहन में गिरावट रही।
वहीं ऊंचे दाम पर मांग प्रभावित रहने के बीच मूंगफली तेल-तिलहन के दाम स्थिर बने रहे।
बाजार सूत्रों ने कहा कि आयातित खाद्य तेलों के मुकाबले देशी खाद्य तेलों का दाम 20-24 रुपये किलो ऊंचा है। ऊंचे दाम होने की वजह से लिवाली प्रभावित रहने के कारण बीते सप्ताह सरसों तेल-तिलहन के दाम में मामूली गिरावट देखने को मिली।
उन्होंने कहा कि सोयाबीन के बड़े संयंत्र किसानों से सस्ते में सोयाबीन की खरीद करने के मकसद से सोयाबीन का दाम घटाते-बढ़ाते रहते हैं। बीते सप्ताह तेल संयंत्रों द्वारा दाम घटाये जाने के कारण सोयाबीन तिलहन के दाम में गिरावट रही। दूसरी ओर, विदेशों में दाम में मजबूती रहने के बीच बीते सप्ताह सोयाबीन तेल के दाम मजबूत हो गये। हालांकि, इसके बावजूद आयातक लागत से नीचे दाम पर सोयाबीन एवं पाम-पामोलीन तेल बेच रहे हैं।
सूत्रों ने कहा कि ऊंचे दाम पर लिवाली कमजोर रहने के बीच बीते सप्ताह मूंगफली तेल-तिलहन के दाम स्थिर बने रहे।
उन्होंने कहा कि सस्ता होने के कारण पामोलीन तेल की औद्योगिक मांग बढ़ने से बीते सप्ताह पाम-पामोलीन के दाम मजबूत रहे। कम उपलब्धता के बीच ब्रांडेड कंपनियों की ओर से औद्योगिक मांग बढ़ने के कारण बीते सप्ताह बिनौला तेल के दाम भी मजबूत रहे।
सूत्रों ने बताया कि बीते सप्ताह सरसों दाना 50 रुपये की गिरावट के साथ 8,250-8,300 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ। इसी प्रकार सरसों तेल दादरी 50 रुपये की गिरावट के साथ 16,700 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ। सरसों पक्की और कच्ची घानी तेल भी क्रमश: 5-5 रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 2,720-2,820 रुपये और 2,720-2,870 रुपये टिन (15 किलो) पर बंद हुआ।
समीक्षाधीन सप्ताह में सोयाबीन दाना और सोयाबीन लूज का थोक भाव क्रमश: 125-125 रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 6,775-6,825 रुपये और 6,625-6,725 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।
दूसरी ओर, दिल्ली में सोयाबीन तेल 125 रुपये के सुधार के साथ 15,800 रुपये प्रति क्विंटल, सोयाबीन इंदौर तेल 125 रुपये के सुधार के साथ 15,650 रुपये और सोयाबीन डीगम तेल 200 रुपये के सुधार के साथ 12,200 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।
बीते सप्ताह मूंगफली तिलहन का दाम 7,350-7,925 रुपये क्विंटल, मूंगफली तेल गुजरात 17,000 रुपये क्विंटल और मूंगफली साल्वेंट रिफाइंड तेल 2,680-2,980 रुपये प्रति टिन पर स्थिर बंद हुआ।
समीक्षाधीन सप्ताह में सीपीओ तेल का दाम भी 250 रुपये के सुधार के साथ 13,950 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ। पामोलीन दिल्ली 275 रुपये के सुधार के साथ 15,850 रुपये प्रति क्विंटल तथा पामोलीन एक्स कांडला तेल 275 रुपये के सुधार के साथ 14,600 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।
ब्रांडेड कंपनियों की औद्योगिक मांग बढ़ने और उपलब्धता कम रहने के बीच बिनौला तेल का दाम 25 रुपये के सुधार के साथ 17,125 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।
भाषा राजेश
अजय
अजय

Facebook


