भारत, अमेरिका के मुख्य वार्ताकारों के बीच व्यापार समझौते पर 20 अप्रैल से वाशिंगटन में होगी बातचीत
भारत, अमेरिका के मुख्य वार्ताकारों के बीच व्यापार समझौते पर 20 अप्रैल से वाशिंगटन में होगी बातचीत
नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (भाषा) भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के पहले चरण पर तीन दिन की वार्ता के लिए भारत के लगभग एक दर्जन अधिकारी 20 अप्रैल को वाशिंगटन पहुंचेंगे।
एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि चूंकि अमेरिका में शुल्क ढांचा बदल गया है, इसलिए दोनों पक्ष उस समझौते पर फिर से विचार कर सकते हैं, जिसका मसौदा सात फरवरी को जारी किया गया था।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कई देशों पर लगाए गए व्यापक शुल्क के खिलाफ अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने 24 फरवरी से 150 दिन के लिए सभी देशों पर 10 प्रतिशत शुल्क लगा दिया है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘बैठक 20-22 अप्रैल तक वाशिंगटन डीसी में होगी। भारत के मुख्य वार्ताकार और वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त सचिव दर्पण जैन टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। सीमा शुल्क और विदेश मंत्रालय के अधिकारी भी भारतीय दल का हिस्सा हैं।’’
इसके अलावा, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) द्वारा शुरू की गई जांच पर भी इन तीन दिवसीय विचार-विमर्श में चर्चा हो सकती है। भारत ने व्यापार कानून की धारा 301 के तहत इन जांच में लगाए गए आरोपों को कड़ाई से खारिज कर दिया है और जांच को समाप्त करने का अनुरोध किया है।
पुराने ढांचे के अनुसार अमेरिका भारत पर शुल्क को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमत हुआ था। उसने रूसी तेल खरीदने के लिए भारतीय वस्तुओं पर लगाए गए 25 प्रतिशत शुल्क को हटा दिया था और बाकी 25 प्रतिशत को समझौते के तहत घटाकर 18 प्रतिशत करना था। हालांकि, इसके बाद 20 फरवरी को अमेरिकी शीर्ष अदालत ने ट्रंप के जवाबी शुल्क के खिलाफ फैसला सुनाया। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने 24 फरवरी से सभी देशों पर 10 प्रतिशत शुल्क की घोषणा कर दी।
इन बदलावों के कारण फरवरी में होने वाली मुख्य वार्ताकारों की बैठक स्थगित कर दी गई थी। अब वे 20 अप्रैल, 2026 को वाशिंगटन में मिल रहे हैं।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय

Facebook


