आईनॉक्स क्लीन एनर्जी ने वाइब्रेंट एनर्जी का अधिग्रहण किया पूरा
आईनॉक्स क्लीन एनर्जी ने वाइब्रेंट एनर्जी का अधिग्रहण किया पूरा
नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) आईनॉक्स क्लीन एनर्जी ने मैक्वेरी कॉरपोरेट होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड और अन्य शेयरधारकों से वाइब्रेंट एनर्जी का अधिग्रहण 5,000 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर पूरा कर लिया है।
आईनॉक्स क्लीन एनर्जी ने बुधवार को बयान में कहा कि वैश्विक विलय एवं अधिग्रहण (एमएंडए) परिवेश में उतार-चढ़ाव के बावजूद यह अधिग्रहण रिकॉर्ड चार महीनों में पूरा किया गया।
कंपनी ने कहा कि वाइब्रेंट एक विविधीकृत नवीकरणीय ऊर्जा स्वतंत्र बिजली उत्पादक है, जिसके पास कुल 1,337 मेगावाट की क्षमता का खंड है। वाइब्रेंट की नवीकरणीय ऊर्जा परिसंपत्तियां मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों में फैली हुई हैं।
इस मंच के पास अमेजन, सिफी, कोका-कोला, अल्ट्राटेक सीमेंट और लॉरस लैब्स सहित वैश्विक वाणिज्यिक एवं औद्योगिक ग्राहकों के साथ दीर्घकालिक बिजली खरीद समझौते (पीपीए) हैं, जिनकी भारित औसत अवधि 20 वर्ष है।
इस अधिग्रहण के साथ आईनॉक्स क्लीन ने अपने एकीकृत नवीकरणीय ऊर्जा मंच को और मजबूत किया है, जिसमें बड़े पैमाने पर नवीकरणीय बिजली उत्पादन को सौर विनिर्माण क्षमताओं के साथ जोड़ा गया है। इससे कंपनी विभिन्न ग्राहकों को व्यापक और विस्तार योग्य स्वच्छ ऊर्जा समाधान प्रदान कर सकेगी।
आईनॉक्सजीएफएल समूह के कार्यकारी निदेशक देवांश जैन ने बयान में कहा, ‘‘ इस उपलब्धि के साथ आईनॉक्स क्लीन, वित्त वर्ष 2027-28 तक स्थापित स्वतंत्र बिजली उत्पादक क्षमता को 10 गीगावाट तक पहुंचाने के अपने लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ’’
भाषा निहारिका अजय
अजय

Facebook


