एलपीजी की कमी जारी, व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए आपूर्ति सीमित

एलपीजी की कमी जारी, व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए आपूर्ति सीमित

एलपीजी की कमी जारी, व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए आपूर्ति सीमित
Modified Date: March 20, 2026 / 05:25 pm IST
Published Date: March 20, 2026 5:25 pm IST

(तस्वीर के साथ)

नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) एलपीजी की आपूर्ति में कमी शुक्रवार को लगातार तीसरे सप्ताह भी जारी रही। हालांकि सिलेंडर भरवाने को लेकर बुकिंग में कुछ कमी आई है जो स्थिति के धीरे-धीरे सामान्य होने के संकेत हैं।

पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण कच्चे माल की आपूर्ति में बाधा बनी रहने से होटल सहित व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए आपूर्ति प्रतिबंध जारी हैं जिससे चिंता बनी हुई है।

अमेरिका तथा इजराइल के ईरान पर हमलों और उसके जवाबी कार्रवाई करने से शुरू हुए युद्ध के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य बंद हो गया है, जो एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। इसके जरिये भारत अपने आयात का 60 प्रतिशत प्राप्त करता है। इतनी बड़ी मात्रा में आपूर्ति अचानक बंद होने से सरकार ने घरेलू रसोई के लिए आपूर्ति को प्राथमिकता दी है।

व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को आपूर्ति शुरू में पूरी तरह रोक दी गई थी लेकिन बाद में उनकी जरूरत का पांचवां हिस्सा बहाल किया गया।

इससे घरेलू उपभोक्ताओं में घबराहट में सिलेंडर बुक करवाना शुरू कर दिया क्योंकि उन्हें इसकी उपलब्धता सीमित होने का डर था। 13 मार्च को हालत यह थी बुकिंग 87.7 लाख तक पहुंच गई थी लेकिन उसके बाद इसमें कमी आई।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने 19 मार्च को संवाददाता सम्मेलन में बताया था कि उस दिन करीब 55 लाख बुकिंग हुई जो एक दिन पहले 57 लाख थी।

युद्ध से पहले प्रतिदिन औसतन 50-55 लाख बुकिंग होती थी।

उन्होंने कहा, ‘‘ घबराहट में की जा रही बुकिंग के मामले अब कम हो रहे हैं।’’

शर्मा ने कहा कि सरकार उपलब्ध एलपीजी की आपूर्ति को घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दे रही है…। एलपीजी की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है लेकिन किसी भी वितरक के पास आपूर्ति पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।’’

उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को 11,300 टन एलपीजी दी गई।

शर्मा ने कहा कि पिछले दो सप्ताह में घरेलू एलपीजी उत्पादन में 40 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हुई है और तीनों सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां युद्ध से पहले के स्तर पर रोजाना भरे हुए सिलेंडर की आपूर्ति कर रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।’’

कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए छापेमारी एवं औचक जांच जारी है। शुक्रवार को 4,500 छापे मारे जबकि तेल कंपनियों ने पेट्रोल पंप एवं एलपीजी वितरकों पर 1,800 औचक निरीक्षण किए।

राज्य सरकारों से निगरानी एवं प्रवर्तन व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ स्थिति अब भी चिंताजनक है, लेकिन हम घरेलू उपभोक्ताओं के लिए आपूर्ति सामान्य स्तर पर बनाए हुए हैं।’’

उपभोक्ताओं से सिलेंडर भरवाने की बुकिंग करने के बाद घर पर उसका इंतजार करने की अपील करते हुए शर्मा ने कहा कि रसोई गैस पर दबाव कम करने के लिए वैकल्पिक ईंधन का भी उपयोग करना चाहिए।

इसके अलावा, शहर गैस नेटवर्क के पास रहने वाले उपभोक्ताओं को पाइप से मुहैया कराई जाने वाली प्राकृतिक गैस (पीएनजी) अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जो एलपीजी का सुविधाजनक विकल्प है। इसमें ‘रिफिल बुकिंग’ की आवश्यकता नहीं होती और गैस सीधे पाइप के माध्यम से घरों तक पहुंचती है।

अभी 15 भौगोलिक क्षेत्रों में 13,700 कनेक्शन दिए गए हैं और 7,000 उपभोक्ता एलपीजी से पीएनजी में स्थानांतरित हो चुके हैं।

इसके अलावा, केरोसीन जैसे वैकल्पिक ईंधन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। व्यावसायिक एलपीजी के उपलब्ध भंडार से राज्यों को उनकी प्राथमिकता के अनुसार इसे मुहैया कराया जा रहा है।

भाषा निहारिका रमण

रमण


लेखक के बारे में