व्हाट्सऐप ‘यूजरनेम’ फीचर पर मेटा के अधिकारी आईटी मंत्रालय के अधिकारियों से मिले
व्हाट्सऐप 'यूजरनेम' फीचर पर मेटा के अधिकारी आईटी मंत्रालय के अधिकारियों से मिले
नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) मैसेजिंग सेवा व्हाट्सऐप में प्रस्तावित ‘यूजरनेम’ फीचर को लेकर नोटिस जारी होने के बाद संचालक कंपनी मेटा की एक टीम ने शुक्रवार को इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (मेइटी) के अधिकारियों से मुलाकात की। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक, व्हाट्सऐप के ‘यूजरनेम’ फीचर पर विस्तृत जवाब देने के लिए निर्धारित तीन दिन की समयसीमा के भीतर मेटा अपना अंतिम जवाब दाखिल करेगी।
सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय के अधिकारियों ने बैठक के दौरान इस फीचर को लेकर सरकार की चिंताओं से कंपनी को अवगत कराया।
सरकार को आशंका है कि ‘यूजरनेम’ फीचर से ऑनलाइन धोखाधड़ी, निजी जानकारी चुराने की ऑनलाइन ठगी (फिशिंग), ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे साइबर अपराध और पहचान की जालसाजी के मामले बढ़ सकते हैं।
केंद्र सरकार ने बुधवार को मेटा को नोटिस जारी कर व्हाट्सऐप के प्रस्तावित ‘यूजरनेम’ फीचर पर सवाल उठाए थे। साथ ही कंपनी को निर्देश दिया था कि इस पर परामर्श प्रक्रिया पूरी होने तक फीचर के क्रियान्वयन को रोक कर रखा जाए।
सरकार ने मेटा से यह भी पूछा था कि इस फीचर की वजह से साइबर अपराध बढ़ने की आशंका को देखते हुए सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम और संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई क्यों न की जाए।
सरकार ने मेटा को यह भी याद दिलाया कि ‘महत्वपूर्ण सोशल मीडिया मध्यस्थ’ के रूप में व्हाट्सऐप पर आईटी अधिनियम और नियमों के तहत निर्धारित सावधानी संबंधी दायित्व लागू होते हैं।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


