नेपाल के नेता ने सरकार से भारत के साथ चाय निर्यात का मुद्दा कूटनीतिक तरीके से सुलझाने को कहा
नेपाल के नेता ने सरकार से भारत के साथ चाय निर्यात का मुद्दा कूटनीतिक तरीके से सुलझाने को कहा
काठमांडू, 22 जून (भाषा) नेपाली कांग्रेस के एक नेता ने सरकार से नेपाली चाय के निर्यात से जुड़ी समस्या को तुरंत सुलझाने का आग्रह किया है, क्योंकि यह देश की अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभाती है।
इलाम जिले में इलाम नगर पालिका के 18वें आम सम्मेलन के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए भीष्मराज आंगदाम्बे ने सरकार से भारत को नेपाली चाय के निर्यात के मुद्दे को कूटनीतिक प्रयासों के जरिये सुलझाने को कहा।
पिछले सप्ताह से नेपाली चाय उत्पादकों ने चाय का उत्पादन अनिश्चित काल के लिए रोक दिया है। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि भारत ने घरेलू गुणवत्ता मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए आयातित चाय की गुणवत्ता की जांच को और कड़ा कर दिया है।
चाय उत्पादकों ने सरकार से भारत को नेपाली चाय के निर्यात में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए कदम उठाने को कहा है।
भारतीय अधिकारियों द्वारा नेपाली चाय के आयात के लिए कड़े नियम लागू करने के बाद से इलाम जिले में स्थित लगभग 100 चाय उद्योग 15 जून से बंद पड़े हैं।
विपक्षी नेता आंगदाम्बे ने कहा कि सरकार चाय उद्योग की समस्या पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है, जिसके कारण हर दिन लाखों किलोग्राम हरी चाय की पत्तियां बर्बाद हो रही हैं और करोड़ों रुपये का नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने संसद में बार-बार यह मुद्दा उठाया है, लेकिन सरकार इसे गंभीरता से नहीं ले रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस मुद्दे को सुलझाने के लिए भारत के साथ कूटनीतिक बातचीत शुरू न कर पाना सरकार की कमजोरी है।’’
भारत, नेपाल में उत्पादित चाय का मुख्य बाजार है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


