दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे को जोड़ने वाले 12 किलोमीटर लंबे बाईपास का निर्माण कर रहा एनएचएआई
दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे को जोड़ने वाले 12 किलोमीटर लंबे बाईपास का निर्माण कर रहा एनएचएआई
नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ाने और शहर में यातायात की भीड़ को कम करने के उद्देश्य से दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे को जोड़ने वाले 12 किलोमीटर लंबे चार लेन के नये बाईपास का निर्माण कर रहा है।
एनएचएआई ने एक बयान में कहा कि यह परियोजना झाझरा से शुरू होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-7 के पोंटा साहिब-बल्लूपुर खंड को जोड़ेगी और देहरादून जिले में आशारोड़ी सीमा चौकी के पास दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे से मिलेगी।
बयान के अनुसार करीब 716 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में अब तक लगभग 44 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसे अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
एनएचएआई ने बयान में कहा कि यह पूरी तरह नियंत्रित प्रवेश वाला राजमार्ग होगा, जो वैकल्पिक मार्ग के रूप में काम करेगा और देहरादून शहर के अंदर जाने वाले यातायात को मोड़कर सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र, विकासनगर, हरबर्टपुर और पोंटा साहिब की ओर भेजेगा।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


