निसान ने भारत में नई कार ‘ग्रैवाइट’ की पेश, 2026 में विस्तार की योजना

निसान ने भारत में नई कार ‘ग्रैवाइट’ की पेश, 2026 में विस्तार की योजना

निसान ने भारत में नई कार ‘ग्रैवाइट’ की पेश, 2026 में विस्तार की योजना
Modified Date: February 18, 2026 / 12:00 pm IST
Published Date: February 18, 2026 12:00 pm IST

उदयपुर, 18 फरवरी (भाषा) जापान की वाहन विनिर्माता कंपनी निसान ने भारत में अपनी नई कार ‘ग्रैवाइट’ मंगलवार को पेश की। कंपनी 2026 में ब्रांड के पुनरुत्थान के लिए कई नए वहान पेश करने और बिक्री ढांचे को मजबूत करने की तैयारी में है।

कंपनी फिलहाल देश में केवल एक मॉडल ‘मैग्नाइट’ बेचती है। उसने मंगलवार को अपना दूसरा मॉडल सात सीट वाली कार ‘ग्रैवाइट’ पेश की।

निसान मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक सौरभ वत्स ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘ जब हम कहते हैं कि निसान भारत को लेकर प्रतिबद्ध है, तो ऐसे में 2026 सबसे महत्वपूर्ण है। यह भारत में निसान के ब्रांड पुनरुत्थान का वर्ष होगा।’’

उन्होंने बताया कि ‘ग्रैवाइट’ के अलावा कंपनी इस वर्ष के दौरान एक ‘टेकटन स्पोर्ट’ यूटिलिटी वाहन और सात सीट वाले मध्यम श्रेणी का स्पोर्ट यूटिलिटी वाहन भी लाने की योजना बना रही है।

वत्स ने कहा, ‘‘ करीब 12 महीनों के भीतर हम तीन नए वाहन पेश करने जा रहे हैं। इसलिए यह पुनरुत्थान का वर्ष होगा जो मुख्य रूप से स्पोर्ट यूटिलिटी वाहनों पर आधारित उत्पाद श्रृंखला पर टिका होगा।’’

उन्होंने कहा कि ‘मैग्नाइट’ देश में कंपनी के उत्पाद खंड में अहम भूमिका निभाती रहेगी।

वत्स ने कहा, ‘‘ भविष्य में निर्यात हमारे बुनियादी एवं मजबूत स्तंभों में से एक बना रहेगा… वित्त वर्ष 2026-27 में हम भारत से एक लाख इकाई निर्यात का आंकड़ा पार कर जाएंगे।’’

कंपनी की योजना चालू वित्त वर्ष 2025-26 के अंत तक बिक्री केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 250 करने की है। फिलहाल देश भर में कंपनी के लगभग 160 डीलर हैं।

‘ग्रैवाइट’ की कीमत 5.65 लाख से 8.49 लाख रुपये (एक्स शोरूम) के बीच है।

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में