हाईक्रॉस की खराबी के लिए ई20 नहीं, दूषित ईंधन जिम्मेदार: टोयोटा
हाईक्रॉस की खराबी के लिए ई20 नहीं, दूषित ईंधन जिम्मेदार: टोयोटा
नयी दिल्ली, चार जुलाई (भाषा) टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने शनिवार को कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दिखी ‘टोयोटा हाईक्रॉस’ कार की खराबी इथेनॉल मिश्रित (ई20) पेट्रोल के कारण नहीं, बल्कि दूषित ईंधन की वजह से हुई थी।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक ग्राहक ने दावा किया था कि ई20 पेट्रोल के इस्तेमाल के कारण उसकी टोयोटा हाईक्रॉस में तकनीकी समस्या आ गई।
कंपनी ने कहा कि संबंधित वाहन ई20 ईंधन के अनुकूल है तथा उसे ई20 पेट्रोल के उपयोग के लिए डिजाइन, परीक्षण और प्रमाणित किया गया है।
टीकेएम ने कहा, ‘‘वाहन की विस्तृत तकनीकी जांच में पाया गया कि समस्या दूषित ईंधन के कारण हुई थी। निरीक्षण में यह भी पुष्टि हुई कि वाहन के किसी भी पुर्जे या ईंधन प्रणाली को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।’’
कंपनी ने कहा, ‘‘हमारी सेवा प्रक्रिया के तहत ईंधन टैंक और ईंधन लाइन को पूरी तरह खाली कर साफ किया गया तथा वाहन में मानक ई20 ईंधन भरा गया। इसके बाद वाहन का निरीक्षण किया गया, जिसमें वह सामान्य स्थिति में पाया गया और फिर ग्राहक को सौंप दिया गया।’’
टीकेएम ने कहा, ‘‘इससे स्पष्ट है कि यह घटना ई20 ईंधन के इस्तेमाल से संबंधित नहीं थी, बल्कि केवल गैर-मानक और दूषित ईंधन के कारण हुई।’’
कंपनी ने ग्राहकों से अपील की कि वे ईंधन में मिलावट या दूषित ईंधन के जोखिम को कम करने के लिए हमेशा अधिकृत और प्रतिष्ठित पेट्रोल पंपों से ही ईंधन भरवाएं, क्योंकि इससे वाहन के प्रदर्शन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
कंपनी ने कहा, ‘‘हम ग्राहकों से यह भी आग्रह करते हैं कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से उपलब्ध वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित जानकारी पर भरोसा करें। किसी भी प्रश्न या समस्या की स्थिति में वे अपने निकटतम टोयोटा के अधिकृत डीलरशिप या ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क करें।’’
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


