ओडिशा ने 67,000 करोड़ रुपये के निवेश के लिए जापानी कंपनी एसीएमई समूह के साथ किया समझौता
ओडिशा ने 67,000 करोड़ रुपये के निवेश के लिए जापानी कंपनी एसीएमई समूह के साथ किया समझौता
भुवनेश्वर, तीन जुलाई (भाषा) ओडिशा सरकार ने शुक्रवार को एसीएमई समूह और जापान की आईएचआई कॉरपोरेशन के साथ 67,000 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के लिए सहयोग ज्ञापन (एमओसी) पर हस्ताक्षर किए। इस निवेश का मकसद हरित औद्योगीकरण और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण को बढ़ावा देना है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और जापान के उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई बैठक के दौरान समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
माझी ने कहा कि यह समझौता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची के बीच नयी दिल्ली में हुई वार्ता के एक दिन बाद हुआ।
यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह साझेदारी राज्य सरकार, आईएचआई कॉरपोरेशन और एसीएमई समूह की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इसके तहत ओडिशा में बड़े पैमाने पर स्वच्छ ऊर्जा और औद्योगिक परियोजनाएं स्थापित करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
गोपालपुर में चार लाख टन सालाना क्षमता का हरित अमोनिया संयंत्र 20,000 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित किया जाएगा। इससे लगभग 3,400 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इसके अलावा 1,000 करोड़ रुपये की लागत से फ्लोटिंग टर्मिनल ढांचा भी बनाया जाएगा।
पारादीप में 34,000 करोड़ रुपये के निवेश से आठ लाख टन सालाना क्षमता का हरित अमोनिया संयंत्र स्थापित होगा, जिससे लगभग 3,600 रोजगार सृजित होंगे।
इसके अलावा पारादीप में ही 12,000 करोड़ रुपये के निवेश से एक लाख टन सालाना क्षमता का हरित मेथनॉल संयंत्र लगाया जाएगा। इन तीनों परियोजनाओं से कुल मिलाकर लगभग 7,000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
भाषा यासिर अजय
अजय
अजय

Facebook


