मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पीएएल प्रणाली स्थापित
मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पीएएल प्रणाली स्थापित
मंगलुरु (कर्नाटक), 15 जून (भाषा) अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने सोमवार को कहा कि मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने डीजीसीए से मंजूरी के बाद रनवे 24 के लिए प्रिसिजन अप्रोच लाइटिंग (पीएएल) वर्ग-आई प्रणाली सफलतापूर्वक स्थापित की है।
अदाणी एंटरप्राइजेज की अनुषंगी मंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने एक बयान में कहा कि इससे हवाई अड्डे पर परिचालन सुरक्षा और सटीक ढंग से विमानों के उतरने में मदद मिलेगी।
कंपनी ने कहा कि पीएएल वर्ग-आई प्रणाली को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि विमान के उतरने के समय पायलट को अधिक स्पष्ट दृश्य दिखाई देंगे।
बयान में कहा गया है कि इस प्रणाली के स्थापित होने के साथ हवाई अड्डे ने नियामकीय अनुपालन पूरा करते हुए सुरक्षित, विश्वसनीय और दक्ष विमान परिचालन को लेकर अपनी प्रतिबद्धता और मजबूत की है।
कंपनी के मुताबिक, यह परियोजना भारत में सबसे अनूठी और अपनी तरह की पहली एयरफील्ड लाइटिंग सुविधा है।
अप्रोच लाइटिंग प्रणाली में रनवे की शुरुआत से बाहर की ओर 900 मीटर के दायरे में विशेष रूप से तैयार टावर पर एयरफील्ड लाइटिंग इंटेलिजेंट मैनेजमेंट प्रणाली लगाई जाती है।
कंपनी ने कहा कि इनमें से ज्यादातर टावर कुतुब मीनार से भी ऊंचे होते हैं। यह सुविधा एशिया में अपनी तरह की दूसरी है जिससे मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा विश्व के चुनिंदा हवाईअड्डों के समूह में शामिल हो गया है जिसके पास इस तरह की उन्नत सुविधा है।
भाषा सं, राजेंद्र रवि कांत अजय
अजय

Facebook


