प्रीमियर एनर्जीज तीन साल में इंगोट, वेफर कारोबार में 6,000 करोड़ रुपये करेगी निवेश

प्रीमियर एनर्जीज तीन साल में इंगोट, वेफर कारोबार में 6,000 करोड़ रुपये करेगी निवेश

प्रीमियर एनर्जीज तीन साल में इंगोट, वेफर कारोबार में 6,000 करोड़ रुपये करेगी निवेश
Modified Date: July 5, 2026 / 06:32 pm IST
Published Date: July 5, 2026 6:32 pm IST

(अभिषेक सोनकर)

नयी दिल्ली, पांच जुलाई (भाषा) प्रीमियर एनर्जीज भारत में सौर विनिर्माण क्षेत्र में एक एकीकृत विनिर्माता बनने के लिए अगले तीन वर्षों में इंगोट और वेफर क्षमताएं विकसित करने के लिए लगभग 6,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यह निवेश कंपनी की कुल 12,500 करोड़ रुपये की पूंजीगत व्यय योजना का हिस्सा है, जिसमें सोलर सेल और मॉड्यूल क्षमता को दोगुना कर क्रमशः 10.6 गीगावाट और 11.1 गीगावाट तक बढ़ाने तथा इनवर्टर, बैटरी और ट्रांसफार्मर जैसे नए क्षेत्रों में प्रवेश शामिल है।

प्रीमियर एनर्जीज के मुख्य व्यापार अधिकारी (सीबीओ) विनय रस्तोगी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा, “हम अपनी क्षमताओं को और मजबूत करने के लिए निवेश कर रहे हैं। इंगोट और वेफर व्यवसाय में हमारा कुल निवेश अगले तीन वर्षों (2028 तक) में लगभग 6,000 करोड़ रुपये होगा।”

उन्होंने बताया कि इस परियोजना को आंध्र प्रदेश सरकार से मंजूरी मिल चुकी है, जिसने तिरुपति के पास लगभग 45 मिनट की दूरी पर स्थित नायडूपेटा में 200 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई है।

कंपनी यहां 10 गीगावाट इंगोट और 10 गीगावाट वेफर क्षमता स्थापित करेगी और इस परियोजना पर काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

वर्तमान में कंपनी हैदराबाद में तेलंगाना के आसपास स्थित संयंत्रों से सालाना 3.6 गीगावाट सेल और 11.1 गीगावाट मॉड्यूल का उत्पादन कर रही है।

भाषा योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में