रांची हवाई अड्डे का शुद्ध लाभ 87.56 करोड़ रुपये पर, 27 लाख यात्रियों ने किया सफर
रांची हवाई अड्डे का शुद्ध लाभ 87.56 करोड़ रुपये पर, 27 लाख यात्रियों ने किया सफर
रांची, 13 जून (भाषा) झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुण्डा हवाई अड्डे का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर 87.56 करोड़ रुपये हो गया, जबकि इस दौरान 27 लाख यात्रियों ने इस हवाई अड्डे से सफर किया।
बिरसा मुंडा हवाई अड्डे के निदेशक विनोद कुमार ने शनिवार को कहा कि यात्री संख्या, सुविधाओं, वित्तीय प्रदर्शन और बुनियादी ढांचे के विकास के मामले में हवाई अड्डे की उल्लेखनीय प्रगति झारखंड की आर्थिक उन्नति को दर्शाती है।
कुमार ने कहा, “वित्त वर्ष 2023-24 में हवाई अड्डे का लाभ 49.21 करोड़ रुपये था, जो 2024-25 में बढ़कर 64.60 करोड़ रुपये हो गया। इसके बाद 2025-26 में यह 87.56 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह उपलब्धि परिचालन दक्षता और राजस्व सृजन क्षमता में लगातार सुधार का परिणाम है।”
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में हवाई अड्डे ने लगभग 27 लाख यात्रियों को सेवाएं प्रदान कीं, जबकि वर्ष 2014-15 में यह संख्या करीब 6.5 लाख थी।
कुमार ने कहा, “यात्री संख्या में यह वृद्धि झारखंड में बढ़ती आर्थिक गतिविधियों, व्यापार, पर्यटन और बेहतर हवाई संपर्क का प्रतीक है।”
बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर 15 जून को ‘यात्री सुविधा दिवस’ मनाया जाएगा। इस दौरान यात्री सुविधा, जनजागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम

Facebook


