रुपया 14 पैसे कमजोर होकर 94.65 प्रति डॉलर पर

रुपया 14 पैसे कमजोर होकर 94.65 प्रति डॉलर पर

रुपया 14 पैसे कमजोर होकर 94.65 प्रति डॉलर पर
Modified Date: June 30, 2026 / 05:13 pm IST
Published Date: June 30, 2026 5:13 pm IST

मुंबई, 30 जून (भाषा) रुपया मंगलवार को 14 पैसे कमजोर होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.65 (अस्थायी) पर रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि मासान्त अंत की आयातकों और कंपनियों की डॉलर मांग से घरेलू मुद्रा पर दबाव है और वैश्विक बाजार में जोखिम न लेने की निवेशकों की प्रवृत्ति के कारण रुपये में गिरावट आई है।

हालांकि, वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता और केंद्रीय बैंक के संभावित हस्तक्षेप ने मुद्रा को सहारा दिया और इसकी गिरावट सीमित रही।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.60 प्रति डॉलर पर खुला और अंत में 94.65 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव की तुलना में 14 पैसे कम है।

रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले छह पैसे कमजोर होकर 94.51 पर बंद हुआ था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, ‘‘रुपया लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में कमजोर हुआ है। इसकी वजह डॉलर में लगातार निवेश का प्रवाह और कंपनियों की ओर से डॉलर की मजबूत मांग है। वैश्विक बाजार में जोखिम से बचने के रुझान के कारण घरेलू मुद्रा पर दबाव बना हुआ है।’’

परमार ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.10 से 94.40 के दायरे में रह सकता है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.34 पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72.88 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 249.70 अंक टूटकर 76,478.67 अंक पर जबकि निफ्टी 80.50 अंक फिसलकर 23,865.75 अंक पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,350.1 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा यासिर अजय

अजय


लेखक के बारे में