रुपया 20 पैसे टूटकर 95.38 प्रति डॉलर पर
रुपया 20 पैसे टूटकर 95.38 प्रति डॉलर पर
मुंबई, छह जुलाई (भाषा) रुपया सोमवार को 20 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.38 पर आ गया। विदेशी बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मजबूत होने से रुपये पर दबाव पड़ा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.25 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह डॉलर के मुकाबले 95.22 से 95.48 के दायरे में रहा।
अंत में रुपया 95.38 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव की तुलना में 20 पैसे की गिरावट है।
रुपया शुक्रवार को 17 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.18 पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान में शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने से रुपया कमजोर हुआ, क्योंकि बाजार में इस वर्ष अब भी ब्याज दरों में बढ़ोतरी के आसार है। हालांकि, घरेलू शेयर बाजार में मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी ने रुपये को कुछ समर्थन प्रदान किया।’’
चौधरी ने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.10 से 95.60 के दायरे में रहने का अनुमान है।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.12 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71.57 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 521.16 अंक चढ़कर 78,285.07 अंक पर जबकि निफ्टी 159.50 अंक की बढ़त के साथ 24,430.35 अंक पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,355.33 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि विदेशी निवेश आने पर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) रुपये को बहुत अधिक मजबूत होने देने के बजाय अपने विदेश मुद्रा भंडार को फिर से बढ़ाने का प्रयास करता है।
आरबीआई के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 26 जून को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 5.65 अरब डॉलर घटकर 666.93 अरब डॉलर रह गया।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


