रुपया 19 पैसे की गिरावट के साथ 95.35 प्रति डॉलर
रुपया 19 पैसे की गिरावट के साथ 95.35 प्रति डॉलर
मुंबई, दो जुलाई (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया बृहस्पतिवार को अपनी शुरुआती बढ़त बरकरार नहीं रख सका और 19 पैसे कमजोर होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.35 पर बंद हुआ।
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से मिले समर्थन के बाद आयातकों और हेजिंग करने वालों की मजबूत डॉलर मांग भारी पड़ गई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण अमेरिकी डॉलर में आई रात भर की कमी से भारतीय रुपया बढ़त के साथ खुला। हालांकि, एफआईआई की निकासी और हेजिंग करने वालों की ओर से डॉलर की मांग के कारण रुपया अपनी शुरुआती बढ़त गंवा बैठा।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.95 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह डॉलर के मुकाबले 94.90 से 95.42 के दायरे में रहा।
अंत में रुपया 94.35 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव की तुलना में 19 पैसे कम है।
रुपया बुधवार को 60 पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.16 पर बंद हुआ था।
विश्लेषकों ने कहा, ‘‘अमेरिका और ईरान के बीच समझौते को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण रुपये में नकारात्मक रुख रहने के आसार हैं, हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सकारात्मक टिप्पणियां कुछ राहत दे सकती हैं।’’
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट भी निचले स्तर पर रुपये को समर्थन दे सकती है। कारोबारियों की नजर अमेरिका से जारी होने वाले साप्ताहिक बेरोजगारी दावों के आंकड़ों और गैर-कृषि रोजगार (नॉन-फार्म पेरोल) रिपोर्ट पर रहेगी। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.00 से 95.60 के दायरे में रहने का अनुमान है।’’
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.38 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.43 प्रतिशत की गिरावट के साथ 70.55 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 579.48 अंक चढ़कर 77,502.12 अंक पर जबकि निफ्टी 169.85 अंक की बढ़त के साथ 24,175.70 अंक पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने बृहस्पतिवार को 311.82 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


