रुपया 17 पैसे मजबूत होकर 95.18 प्रति डॉलर पर
रुपया 17 पैसे मजबूत होकर 95.18 प्रति डॉलर पर
मुंबई, तीन जुलाई (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 17 पैसे मजबूत होकर 95.18 पर बंद हुआ। डॉलर सूचकांक के पिछले 15 महीनों के उच्च स्तर से नीचे आने से रुपये को बल मिला।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि डॉलर सूचकांक में कमजोरी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद आयातकों की ओर से डॉलर की मजबूत मांग के कारण रुपये पर दबाव कायम है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.20 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह डॉलर के मुकाबले 95.16 से 95.35 के दायरे में रहा।
अंत में रुपया 95.18 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव की तुलना में 17 पैसे की बढ़त है।
रुपया बृहस्पतिवार को 19 पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.35 पर बंद हुआ था।
विशेषज्ञों के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) विदेशी मुद्रा भंडार को फिर से मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से डॉलर खरीद रहा है। फिलहाल देश का विदेशी मुद्रा भंडार घटकर लगभग 672.6 अरब डॉलर रह गया है, जबकि इस वर्ष फरवरी में यह 728.49 अरब डॉलर के उच्च स्तर पर पहुंच गया था।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 100.75 पर रहा जो 15 माह के उच्च स्तर 101.6 से नीचे है।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71.96 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 261.79 अंक चढ़कर 77,763.91 अंक पर जबकि निफ्टी 95.15 अंक की बढ़त के साथ 24,270.85 अंक पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने शुक्रवार को 1,355.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


