सात्विक ग्रीन एनर्जी का तीसरी तिमाही का शुद्ध मुनाफा 144 प्रतिशत बढ़कर 99 करोड़ रुपये
सात्विक ग्रीन एनर्जी का तीसरी तिमाही का शुद्ध मुनाफा 144 प्रतिशत बढ़कर 99 करोड़ रुपये
नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) सौर पीवी मॉड्यूल बनाने वाली कंपनी सात्विक ग्रीन एनर्जी ने बुधवार को बताया कि दिसंबर तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध मुनाफा 144 प्रतिशत बढ़कर 98.72 करोड़ रुपये हो गया। यह वृद्धि मुख्यत: अधिक राजस्व प्राप्ति के कारण संभव हुई।
कंपनी के एक बयान में यह जानकारी दी। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी ने 40.5 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था।
कंपनी का परिचालन से राजस्व एक साल पहले के 518.2 करोड़ रुपये से बढ़कर इस तिमाही में 1,257.02 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) प्रशांत माथुर ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही, सात्विक ग्रीन एनर्जी के लिए एक मज़बूत तिमाही थी, जिसमें सौर मॉड्यूल की मज़बूत मांग, उच्च क्षमता उपयोग और बार-बार आने वाले ग्राहकों से लगातार मिल रहे समर्थन के कारण राजस्व 1,257.02 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
उन्होंने कहा कि परिचालन प्रदर्शन मज़बूत बना रहा, इस तिमाही में क्षमता उपयोग 81 प्रतिशत रहा।
उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर, 2025 तक, हमारी ऑर्डर बुक 5.05 गीगावाट थी।
सात्विक ग्रीन एनर्जी लिमिटेड भारत की अग्रणी सौर फोटोवोल्टिक मॉड्यूल बनाने वाली कंपनियों में से एक है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


