शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 262 अंक चढ़ा

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 262 अंक चढ़ा

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 262 अंक चढ़ा
Modified Date: July 3, 2026 / 04:20 pm IST
Published Date: July 3, 2026 4:20 pm IST

मुंबई, तीन जुलाई (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी शेयरों में तेजी और अमेरिका के रोजगार आंकड़े उम्मीद से कमजोर रहने के बीच घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स में 262 अंक और निफ्टी में 95 अंक की तेजी रही।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 261.79 अंक यानी 0.34 प्रतिशत चढ़कर 77,763.91 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 655.4 अंक चढ़कर 78,157.52 अंक तक पहुंच गया था।

वहीं, एनएसई का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 95.15 अंक यानी 0.39 प्रतिशत बढ़कर 24,270.85 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में से एचसीएल टेक में सर्वाधिक 5.79 प्रतिशत की तेजी रही जबकि टेक महिंद्रा 1.81 प्रतिशत चढ़ा।

इसके अलावा भारती एयरटेल, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और आईसीआईसीआई बैंक भी बढ़त में रहे।

दूसरी तरफ, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर नुकसान के साथ बंद हुए।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू बाजार उतार-चढ़ाव भरे कारोबार और मुनाफावसूली के बावजूद सकारात्मक वैश्विक संकेतों और अमेरिकी श्रम बाजार के नरम आंकड़ों के बाद वैश्विक स्तर पर नरम ब्याज दर माहौल की उम्मीद से बढ़त के साथ बंद हुए।’’

नायर ने कहा कि भारत-जापान शिखर सम्मेलन के सकारात्मक नतीजों और आईटी क्षेत्र में जारी सुधार से भी बाजार धारणा को समर्थन मिला। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में नरमी एक अहम कारक बनी हुई है।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी करीब छह प्रतिशत चढ़ गया, जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भी बढ़त के साथ बंद हुए।

यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में मिले-जुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजारों में बृहस्पतिवार को मिला-जुला रुख देखा गया था।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.24 प्रतिशत बढ़कर 71.97 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 311.82 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

इससे पहले बुधवार को सेंसेक्स 579.48 अंक चढ़कर 77,502.12 अंक और निफ्टी 169.85 अंक बढ़कर 24,175.70 अंक पर बंद हुआ था।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में