गुजरात के वडिनार में बनेगा अत्याधुनिक जहाज मरम्मत केंद्र, 1,570 करोड़ रुपये का होगा निवेश
गुजरात के वडिनार में बनेगा अत्याधुनिक जहाज मरम्मत केंद्र, 1,570 करोड़ रुपये का होगा निवेश
नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) केंद्र सरकार ने मंगलवार को गुजरात के वडिनार में 1,570 करोड़ रुपये के निवेश से अत्याधुनिक जहाज मरम्मत केंद्र विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस परियोजना को दीनदयाल बंदरगाह प्राधिकरण और कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड संयुक्त रूप से लागू करेंगे।
बयान के मुताबिक, यह परियोजना ब्राउनफील्ड मॉडल पर विकसित की जाएगी, जिसमें 650 मीटर लंबी गोदी, दो बड़े फ्लोटिंग ड्राई डॉक, कार्यशालाएं और अन्य समुद्री अवसंरचना शामिल होंगी।
वडिनार अपनी प्राकृतिक गहराई, प्रमुख समुद्री मार्गों से संपर्क और मुंद्रा एवं कांडला जैसे प्रमुख बंदरगाहों के निकट होने से खासकर बड़े वाणिज्यिक और विदेशी जहाजों की मरम्मत के लिए उपयुक्त माना जाता है।
आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह परियोजना कौशल विकास को बढ़ावा देगी, प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित करेगी और क्षेत्र में समुद्री सहायक सेवाओं तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के विकास को गति देगी।
फिलहाल भारत के पास 230 मीटर से अधिक लंबाई वाले बड़े जहाजों की मरम्मत की पर्याप्त क्षमता नहीं है। प्रस्तावित केंद्र से 300 मीटर तक लंबे जहाजों की मरम्मत संभव हो पाएगी, जिससे विदेशी शिपयार्ड पर निर्भरता घटेगी और विदेशी मुद्रा की निकासी भी कम होगी।
इस परियोजना से लगभग 290 प्रत्यक्ष और करीब 1,100 अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होने की संभावना है। साथ ही, पश्चिमी तट पर मरम्मत क्षमता मजबूत होने से भारतीय बंदरगाहों की प्रतिस्पर्धी क्षमता भी बढ़ेगी।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण

Facebook


